- 12 लाख की लागत से डामरीकरण कार्य का महापौर अलका बाघमार ने किया निरीक्षण
द सीजी न्यूज
दुर्ग। महापौर अलका बाघमार ने पीडब्लूडी प्रभारी देवनारायण चंद्राकर, पार्षद ललित ढीमर के साथ वार्ड 56 में राजपूत किराना स्टोर्स से लेकर देवांगन के घर तक सड़क डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। करीब 7 सौ मीटर लंबी सड़क पर डामरीकरण व बीटी रिपेयर कार्य में लापरवाही न करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की विस्तार से जानकारी ली।
महापौर ने सड़क की फिनिशिंग, डामरीकरण की मोटाई, लेवलिंग, रोलिंग व दोनों किनारों की संरचनात्मक मजबूती की जांच करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अच्छी और मजबूत सड़कें नागरिकों की सुगमता एवं सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक हैं। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान महापौर ने सड़क की ढलान, जॉइंटिंग, बेस क्वालिटी सहित जल निकासी व्यवस्था का भी अवलोकन किया। इस दौरान स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
पेवर ब्लॉक कार्य का निरीक्षण किया

वार्ड 1 में चल रहे पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लेने महापौर अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चंद्राकर, पार्षद ललित ढीमर के साथ निरीक्षण किया। महापौर ने पेवर ब्लॉक कार्य की फिनिशिंग का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कई स्थानों पर ब्लॉकों की बिछावट पर गलतियां निकालते हुए अनियमित सतह और किनारों पर ढलाई की कमी को चिन्हित किया।
महापौर ने कहा कि पेवर ब्लॉक लगाने से पहले और बाद में दोनों ओर समुचित कंक्रीट ढलाई की जाए। ब्लॉकों को पूरी तरह समतल, मजबूत और एकरूपता के साथ लगाया जाए। कार्यस्थल पर साफ सफाई, सही लेवलिंग और उचित बेस तैयार करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सुधार की आवश्यकता होने पर तुरंत दुरुस्त कर दोबारा कार्य करने के निर्देश दिये गए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
