द सीजी न्यूज
दुर्ग। हाथ ठेला खरीदी में कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। निगम के नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए कहा कि जेम पोर्टल से भिलाई, रिसाली और दुर्ग नगर निगम में अलग-अलग दरों पर खरीदी की गई है। जेम पोर्टल में दर एक ही रहती है। शिकायत में कहा गया है कि 15 वें वित्त आयोग के माध्यम से तीनों नगर निगमों में भिलाई, रिसाली और दुर्ग नगर निगम में हाथ ठेला खरीदी माध्यम से की गई। लेकिन तीनों निगमों में अलग अलग दर पर खरीदी की गई।
भिलाई में हाथ ठेला 7859 रुपये, रिसाली में 8000 रुपये और दुर्ग में 13011 रुपये में खरीदा गया। जेम पोर्टल से की गई खरीदी का रेट लगभग एक समान रहता है। दुर्ग जिले के तीनों नगर निगमों में दरों में इतना बड़ा अंतर समझ से परे है। इस मामले में खरीदी से जुड़े निगम के अधिकारियों का कहना है कि जेम पोर्टल से खरीदी में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं है।
कांग्रेस पार्षद दल का कहना है कि दुर्ग नगर निगम में जो हाथ ठेला खरीदा गया है, उसका वजन और साइज भिलाई, रिसाली निगमों से अलग है। रिसाली निगम में 140 लीटर क्षमता और 470 किलोग्राम वजन के ठेले उपलब्ध हैं। इसके मूल्य में भी बड़ा अंतर है। इससे साफ जाहिर है कि खरीदी में बहुत बड़ी गड़बड़ी की गई है। निगम अधिकारियों का कहना है कि जेम पोर्टल में क्वालिटी और स्पेसिफिकेशन के अनुसार अलग-अलग रेट निर्धारित होते हैं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, पूर्व सभापति राजेश यादव सहित पार्षद दीपक साहू, भोला महोबिया, ललित भारद्वाज, जनार्दन नागर, गिरीश उमरे, विजय शर्मा, सुशील साहू ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। जांच और कार्रवाई न होने पर कांग्रेस पार्षद दल द्वारा निगम का घेराव किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal