- पैदल मार्च से पहले वार्डों का दौरा कर भिलाईवासियों से करेंगे विचार विमर्श
द सीजी न्यूज
भिलाई नगर। विधायक देवेन्द्र यादव ने भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन की नीतियों और फैसलों को लेकर जनजागरण अभियान शुरू का शंखनाद कर दिया है। मीडिया से बातचीत करते हुए आज देवेंद्र ने कहा कि सेल-बीएसपी प्रबंधन की निजीकरण की नीति के खिलाफ जनजागरण अभियान शुरू किया जा रहा है। वे सभी सेक्टरों का दौरा कर भिलाईवासियों से विचार विमर्श करेंगे। इसके बाद 25 जनवरी को इस्पात भवन तक पैदल मार्च करेंगे।
देवेंद्र ने कहा कि टाउनशिप से जुड़े विषयों को लेकर उन्होंने पांच दिनों तक भिलाई सत्याग्रह किया था। सेल-बीएसपी प्रबंधन के प्रभारी डायरेक्टर इन चार्ज से रिटेंशन स्कीम, दुकानों के लीज नवीनीकरण समेत अन्य विषयों पर चर्चा हुई थी। प्रबंधन की ओर से पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सालय सेक्टर – 9 को लीज पर न देने, अस्पताल में कार्य करने वाले कर्मचारी और पूर्व कर्मचारियों की सुविधाएं यथावत रखने और मैत्री बाग को किसी भी संस्थान को न देने की सहमति बनी थी। रिटेंशन स्कीम के तहत आवासों की किराया दर में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने या लाइसेंस पर देने के विषय पर अब तक प्रबंधन का फैसला नहीं आया है। टाउनशिप क्षेत्र के व्यापारी वर्ग की दुकानों के लीज नवीनीकरण और रजिस्ट्री शुल्क को कम करने के संबंध में भी निर्णय नहीं लिया गया है।
इन सभी मुद्दों को लेकर जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। पहले वार्डों का भ्रमण कर भिलाईवासियों से विचार विमर्श किया जाएगा। 12 जनवरी से इसकी शुरूआत होगी। वार्डों में जाकर रिटेंशन स्कीम और लायसेंस के तहत आवंटित आवासधारियों से भेंट-मुलाकात कर उनकी राय लेंगे। आवासों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली जाएगी। सबकी राय लेने के बाद 25 जनवरी को भिलाई स्टील प्लांट के इस्पात भवन तक पैदल मार्च किया जाएगा।
देवेंद्र ने कहा कि 5 दिन का उपवास रखने के बाद प्रबंधन चर्चा के लिए तैयार हुआ। पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सालय सेक्टर-9 को लीज पर न देने, अस्पताल में कार्य करने वाले कर्मचारी और पूर्व कर्मचारियों की सुविधाएं यथावत रखने और मैत्री बाग को किसी भी संस्थान को न देने की सहमति बनी थी। रिटेंशन स्कीम को लेकर प्रबंधन की ओर से जवाब नहीं आया है। भिलाई का जनप्रतिनिधि होने की हैसियत से अब वे इन सभी मुददों का निराकरण कराएंगे। हर समस्या का समाधान संपर्क और संवाद स्थापित कर किया जा सकता है, लेकिन सेल-बीएसपी प्रबंधन संवाद ही स्थापित नहीं करना चाहती है। ऐसा नहीं चलेगा। प्रबंधन कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति देकर अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकता। उन्हें आपस में चर्चा कर समाधान करना होगा। हम लोगों के बीच जाकर संवाद स्थापित करेंगे।
बीजेपी में चल रही कुश्ती : सीनियर नेताओं को जूनियर उठाकर पटक रहे, संगठन कर रहा मदद
बालोद में 9 जनवरी से प्रस्तावित जंबूरी के आयोजन को लेकर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बीच चल रही खींचतान को लेकर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी नेताओं के बीच इस समय कुश्ती चल रही है। दुख की बात है कि पार्टी के सीनियर नेताओं को बार-बार जूनियर नेता उठाकर पटक रहे हैं। संगठन चुपचाप यह सब होने दे रहा है। इसमें जूनियर नेताओं की मदद भी कर रहा है। देवेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है और इसका असर प्रशासनिक फैसलों पर भी पड़ रहा है। गौरतलब है कि बालोद में होने जा रहे रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 को लेकर कांग्रेस ने आयोजन से जुड़े टेंडर प्रक्रिया में गंभीर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
