- स्कूल छोडऩे जा रही मां-बेटी को ट्रेलर ने मारी थी ठोकर
द सीजी न्यूज
भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 5 साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में तीन दिन बाद पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। 3 फरवरी को यह हादसा हुआ था। हादसे में घायल मां-बेटी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 5 साल की मासूम श्रेया जांगड़े (उम्र 5 साल 6 माह) ने दम तोड़ दिया।
3 फरवरी को सुबह किरण जांगड़े अपनी बेटी श्रेया जांगड़े को स्कूटी पर सेक्टर-10 स्कूल छोडऩे जा रही थी। होंडा शोरूम के पास पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे आईटीआई के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उल्टी दिशा से आकर मां-बेटी को ठोकर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को तुरंत गायत्री अस्पताल सुपेला में ले जाया गया। यहां से श्रेया को स्पर्श अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 3 फरवरी की रात 8 बजे बच्ची की मौत हो गई। मां किरण जांगड़े का उपचार जारी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। मर्ग जांच के आधार पर ट्रेलर चालक के खिलाफ 6 फरवरी को अपराध दर्ज किया गया। ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal