- मुस्लिम समाज, भीम आर्मी, भिलाई नगर जामा मस्जिद ट्रस्ट और राजनांदगांव मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि कलेक्टोरेट पहुंचे
द सीजी न्यूज
दुर्ग। देवबलौदा-चरोदा में महाशिवरात्रि मेले के दौरान मुस्लिम दुकानदारों के साथ हुए विवाद के बाद मुस्लिम समाज ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बनने देने की मांग भी की गई है।
बुधवार को मुस्लिम समाज, भीम आर्मी, भिलाई नगर जामा मस्जिद ट्रस्ट और राजनांदगांव मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि दुर्ग कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मुस्लिम समाज और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में लगातार आपसी भाईचारे और सौहार्द को बिगाडऩे की कोशिश की जा रही है। कभी इसाई समाज, कभी मुस्लिम समाज तो कभी दलित समाज के खिलाफ इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिये।
मुस्लिम समाज ने आरोप लगाया कि मेले में मुस्लिम दुकानदारों से नाम पूछे गए। आधार कार्ड मांगे गए। गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की भी की गई। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने निगम से नियमानुसार रसीद लेकर दुकानें लगाई थीं, इसके बावजूद उन्हें व्यापार करने से रोका गया और अपमानित किया गया। व्यापारी आसिया बेगम ने बताया कि सामान खरीदने के बहाने पहले कीमत पूछी गई, फिर नाम पूछकर गाली देना शुरू कर दिया गया। उनका सामान तोड़ा गया। ग्राहकों को भगा दिया गया। एक अन्य दुकानदार सलमा बेगम ने कहा कि उनसे आधार कार्ड मांगा गया और धार्मिक नारे लगाने का दबाव बनाया गया। अगले साल मेले में दुकान लगाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
मुस्लिम समाज के नजरूल खान ने कहा कि छग में धर्म-जाति के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है। ये नया सिस्टम शुरू किया गया है, इसे रोकने के लिए मांग की गई है। देश का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। देश को जाति-धर्म के नाम पर बांटने वालों पर दंगा की धाराएं लगानी चाहिए। मुस्लिम समाज और भीम आर्मी के पदाधिकारी इन लोगों की गिरफ्तारी की मांग करने आए हैं।
उन्होंने ज्योति शर्मा समेत सभी समर्थकों के ऊपर कार्रवाई की मांग की। किसी को भी उन्माद फैलाने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।
भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट के अध्यक्ष मिर्जा आसिम बेग ने कहा कि छत्तीसगढ़ का सौहार्दपूर्ण माहौल पिछले कुछ समय से खराब किया जा रहा है। देवबलौदा-चरोदा मेले में मुस्लिम दुकानदारों को धर्म के नाम पर अपमानित किया गया और उल्टा उन्हें ही थाने में बैठा दिया गया। यह घटना जानबूझकर कराई गई है। इसमें बजरंग दल से जुड़ी एक महिला शामिल है, जो पहले भी अन्य समुदायों के खिलाफ ऐसा कर चुकी है। समाज ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच, गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा कि दो दिन पूर्व देवबलौदा महाशिवरात्रि मेला में कुछ घटना हुई थी। दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई कार्रवाई के संबंध में संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन के बिंदुओं की जांच की जा रही है। भिलाई-3 थाने में तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

