द सीजी न्यूज
लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे पर विधायक देवेंद्र यादव के बयान को लेकर टाउनशिप वासियों में तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है। टाउनशिपवासियों का कहना है कि केवल डायलागबाजी करते रहने से कुछ नहीं होगा। बेहतर होगा कि इस मुद्दे पर सीधे निर्णायक आंदोलन शुरू किया जाए या अधिकारियों से चर्चा कर समस्या का समाधान निकाला जाए। भिलाईवासियों के हितों की रक्षा के लिये बलिदान देने या परिवारों से मिलते रहने की राजनीति बंद कर विधायक देवेंद्र यादव सीधे समस्या का समाधान निकालने की पहल करें। क्योंकि डायलागबाजी से समाधान नहीं निकलेगा।
इस मुद्दे पर स्टील सिटी चेंबर भिलाई के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने कहा है कि किसी भी नेता को बलिदान देने का बयान देने की आवश्यकता नहीं है। जिन समस्याओं का निराकरण करना है, उन मुद्दों को लेकर भिलाई इस्पात संयंत्र के डायरेक्टर इंचार्ज के साथ बैठकर चर्चा करने की आवश्यकता है। चर्चा के दौरान अगर अधिकारी हील-हवाला करते हैं तो उसे राइटिंग में रिकॉर्ड में लेकर भारतीय इस्पात प्राधिकरण और इस्पात मंत्री के साथ बैठकर समस्याओं का हल करने की आवश्यकता है।
ज्ञानचंद जैन ने सवाल किया है कि विधायक देवेंद्र यादव आखिर कब तक भिलाईवासियों को बलिदान देने का बयान देकर नाटक करते रहेंगे। और लीज की नोटिस पाने वाले लोगों के घर-घर जाकर मिलने का नाटक करते रहेंगे। टाउनशिपवासियों को विभिन्न समस्याओं से राहत दिलाने के लिये भिलाई के अधिकारियों के साथ आमने-सामने बातचीत करने की जरूरत है। आवश्यक होने पर दिल्ली जाकर इस्पात मंत्रालय के अधिकारियों और इस्पात मंत्री से चर्चा करने की जरूरत है। बलिदान देने, सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की घोषणा करते रहने से कुछ नहीं होगा। बेहतर होगा कि भिलाईवासियों की समस्या के लिये ठोस पहल की जाए।
गौरतलब है कि विधायक देवेंद्र यादव ने कल प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि वे लीजधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस के विरोध में आंदोलन करेंगे। दस हजार से ज्यादा परिवारों को नोटिस के दायरे में आने का दावा करते हुए देवेंद्र ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे भिलाईवासियों के हित में बलिदान देने के लिये तैयार है। उन्होंने कहा कि नोटिस पाने वाले सभी परिवारों से मिलने के बाद वे आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे।
बीते दो साल से ज्यादा समय से बीएसपी कर्मियों, टाउनशिप के व्यापारियों को प्लांट प्रबंधन द्वारा नोटिस दी जा रही है। कई मुद्दों को लेकर लगातार गतिरोध बरकरार है। इस मामले में सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने सार्थक पहल की है। बीएसपी प्रबंधन से चर्चा के बाद उन्होंने दिल्ली जाकर कई विषयों पर चर्चा की और इसके नतीजे भी निकले। बघेल और पांडे के दिल्ली में उच्च स्तरीय पहल करने के बाद धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं और व्यापारियों को प्रबंधन की ओर से राहत मिली है। हालांकि अभी भी लीज, लाइसेंस, रिटेंशन और निजीकरण जैसे मुद्दों पर ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
