द सीजी न्यूज
दुर्ग। शहर में 3000 से अधिक जरूरतमंद हितग्राही निराश्रित पेंशन की राशि से कई महीने से वंचित हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनधारियों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए वे कई बार आवेदन दे चुके हैं और विभागीय अधिकारियों और कलेक्टर कार्यालय के लगातार चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
एक दिव्यांग हितग्राही ने वोरा को बताया कि उन्हें निराश्रित पेंशन योजना की राशि कई महीनों से प्राप्त नहीं हुई है। पेंशन बंद होने के कारण उनके सामने रोजमर्रा के खर्चों और जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। नागरिकों की पीड़ा सुनने के बाद पूर्व विधायक अरुण वोरा ने नगर निगम आयुक्त से चर्चा कर पूरी स्थिति से अवगत कराया और प्रभावित हितग्राहियों की समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
वोरा ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। जरूरतमंद, वृद्ध और दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों से वंचित रखना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के लिए ये योजनाएं जीवन का सहारा हैं, उन्हें महीनों तक राशि के लिए भटकना पड़े, यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। वोरा ने आश्वस्त किया कि प्रभावित हितग्राहियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि पात्र लोगों को जल्द से जल्द उनका अधिकार मिल सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

