Breaking News

निगम प्रशासन ने 8 दिनों बाद भी नहीं की फूटी पाइपलाइन की मरम्मत, वोरा ने कलेक्टर को किया फोन

THE CG NEWS 

दुर्ग। गया नगर से चंडी मंदिर होते हुए तमेरपारा जाने वाले मुख्य मार्ग पर आठ दिन पहले पेयजल की पाइपलाइन फूट गई थी, जिसके कारण आसपास के वार्डों में पानी सप्लाई पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई दिनों से उन्हें पानी नहीं मिल रहा है। नगर निगम द्वारा पाइपलाइन की मरम्मत के लिए सड़क खोदकर छोड़ देने से आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

इस समस्या की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक अरुण वोरा ने तत्काल मौके पर पहुंचकर नागरिकों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान वोरा ने दूरभाष के माध्यम से कलेक्टर अभिजीत सिंह से चर्चा कर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पूर्व एल्डरमैन मनीष यादव भी वोरा के साथ उपस्थित रहे।

वोरा ने नगर निगम की जल प्रभारी लीना दिनेश देवांगन से भी दूरभाष पर चर्चा कर पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत और नियमित टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। वोरा ने कहा कि “दुर्ग शहर की ट्रिपल इंजन सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है। आठ दिनों से मुख्य पाइपलाइन फूटी हुई है, लोग पेयजल के लिए परेशान हैं, सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, यातायात बाधित है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन हैं। यह प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण है। वोरा ने तत्काल मरम्मत कार्य न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। 

नागरिकों ने वोरा को बताया कि शहर का अत्यधिक व्यस्त मार्ग होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क खुदने और लगातार बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में कीचड़ फैल गया है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है। वार्डवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक न तो पाइपलाइन की मरम्मत की गई और न ही प्रभावित परिवारों के लिए नियमित टैंकर से पानी की समुचित व्यवस्था की गई।

Check Also

भिलाई : लाल मैदान की जमीन पर पुलिस का दावा खारिज

THE CG NEWS भिलाई। पावर हाउस स्थित लाल मैदान की तहसील स्तर पर हुई जांच …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!