जगदलपुर। बस्तर की धरती पर लोकतंत्र की नई बयार बह रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मजबूत आंतरिक सुरक्षा नीति और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार के दृढ़ संकल्प के फलस्वरूप नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे इलाकों में ऐतिहासिक बदलाव नजर आ रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे गांवों में पहली बार तिरंगा फहराने की तैयारी चल रही है, जहां आजादी के बाद राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जा सका था। कभी माओवादियों के फरमान के कारण लोग राष्ट्रीय पर्वों पर झंडा लगाने से भी हिचकते थे। आज उन इलाकों में तिरंगा फहराने का उत्साह दिखाई दे रहा है। यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चलाए गए समन्वित सुरक्षा अभियानों का परिणाम है, जिसमें सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग ने निर्णायक भूमिका निभाई।
जिन इलाकों को कभी नक्सली गतिविधियों का केंद्र माना जाता था, वहां से आज तिरंगा यात्रा निकलना बदलाव का बड़ा संकेत है। यात्रा के दौरान उन स्थानों की मिट्टी भी ली जाएगी, जहां जवानों और नागरिकों ने शहादत दी है। इस मिट्टी का उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।
नक्सलवाद से मुक्ति के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। क्षेत्र को शांति, विकास और सांस्कृतिक समृद्धि के उदाहरण के रूप में विकसित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पिछले वर्षों में छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में माओवाद के खिलाफ अभियान को नई गति मिली है। सुरक्षा बलों के आधुनिकीकरण, खुफिया तंत्र को मजबूत बनाने और विकास कार्यों को सुरक्षा के साथ जोड़ने की रणनीति ने परिणाम दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने राज्य स्तर पर इन नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू किया है।
90 गांवों में पहली बार तिरंगा लहराने का संकल्प न केवल राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेगा, बल्कि उन क्षेत्रों में विश्वास और उम्मीद की नई लहर भी पैदा करेगा। जहां कभी भय था, वहां अब तिरंगा और विकास की बयार बह रही है। बस्तर बदलाव के रास्ते पर है और तिरंगा यात्रा इस परिवर्तन की मजबूत कड़ी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
