Breaking News

नाली निर्माण में गड़बड़ी पर महापौर ने रुकवाया काम, ठेकेदार को लगाई फटकार

  • 4 इंच के बेस की जगह मिला 2 इंच, जाली उखड़वाकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश

THE CG NEWS

दुर्ग/ निर्माण कार्य में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर महापौर  अलका बाघमार ने बुधवार को वार्ड क्रमांक 4 स्थित गया नगर, मुक्ति धाम के पीछे चल रहे नाली निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, सहायक अभियंता सुरेश केवलानी, उपअभियंता विकास दमाहे, सिद्धार्थ साहू व संबंधित ठेकेदार के साथ निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में तकनीकी खामियां पाए जाने पर महापौर ने तत्काल काम रुकवाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाली निर्माण की बारीकी से जांच की। इस दौरान नाली के बेस में निर्धारित 4 इंच की जगह मात्र 2 इंच निर्माण पाया गया। इसी प्रकार नाली के राफ्ट टॉप में भी निर्धारित मापदंड के अनुरूप निर्माण नहीं मिला। महापौर ने मौके पर नाली की जाली उखड़वाकर निर्माण की वास्तविक स्थिति की जांच कराई और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण तरीके से दोबारा कार्य करने के निर्देश दिए।

महापौर अलका बाघमार ने निर्माण कार्य में सही तकनीकी ढांचे एवं निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किए जाने पर ठेकेदार के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की।उन्होंने कहा कि नाली निर्माण में सही स्लोप (ढलान) का होना बेहद आवश्यक है, ताकि बारिश एवं निस्तारी का पानी सुचारू रूप से बह सके और जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। निर्माण में बेस की मोटाई कम होने तथा अन्य तकनीकी कमियां पाए जाने पर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कमियों को दूर किए बिना कार्य आगे नहीं बढ़ाया जाए।

महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य जनता के हित से जुड़े हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। लापरवाही या घटिया निर्माण पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित रूप से निगरानी करें और कार्य की गुणवत्ता की जांच के बाद ही आगे का भुगतान एवं कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Check Also

कैबिनेट की बैठक : 500 करोड़ के मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन’ और ‘छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30’ को मंजूरी

दुर्ग जिला न्यायालय के नवीन भवन निर्माण के लिए बीआईटी कॉलेज के समीप 4 हेक्टेयर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!