- भिलाई इस्पात संयंत्र नहीं, आने वाले समय में भिलाई टाउनशिप जाएगा निजी हाथों में
THE CG NEWS
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के बिकने की खबरों को लेकर बीएसपी प्रबंधन के स्टेटमेंट जारी होने के बाद अब नया मुद्दा उठा है। स्टीलसिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने कहा है कि भिलाई स्टील प्लांट नहीं बल्कि आने वाले समय में भिलाई टाउनशिप को बेचने की तैयारी चल रही है। बीएसपी प्रबंधन शहर को जर्जर हाल में करने पर आमादा है। टाउनशिप की हालत बदतर करने के बाद इसे निजी हाथों में सौंप दिया जाएगा।
जैन ने कहा कि बीएसपी प्रबंधन में थोड़ा भी साहस हो तो इस जानकारी को असत्य ठहरा दें। जिस तरह भिलाई स्टील प्लांट के बिकने के मुद्दे पर बीएसपी प्रबंधन ने स्टेटमेंट जारी किया है और भिलाई स्टील प्लांट को बेचने की खबरों को पूरी तरह भ्रामक और असत्य बताया है। उसी तरह टाउनशिप के मुद्दे पर भी प्रबंधन स्टेटमेंट जारी करे।
ज्ञानचंद ने कहा कि प्रबंधन को स्पष्ट करना चाहिये कि भिलाई स्टील प्लांट की तरह भिलाई टाउनशिप का भी निजीकरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि अगर ऐसी कोई तैयारी नहीं है तो नगर निगम और प्रबंधन के करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी टाउनशिप व्यवस्थित क्यों नहीं हो रहा।
ज्ञानचंद ने कहा कि टाउनशिप की सुंदरता और हरियाली को बर्बाद किया जा रहा है। सड़कों के किनारे सफाई नहीं हो रही है। शहर में चारों ओर कब्जे हो रहे हैं। टाउनशिप की हरियाली अब बेतरतीब झाड़ियों में तब्दील हो रही है। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बदतर हो चुकी है। भिलाई इस्पात संयंत्र के स्कूल और सार्वजनिक भवन बदहाल हो रहे हैं।
शहर की बदहाल प्रशासनिक व्यवस्था और अधिकारी-कर्मचारियों की कमीशनखोरी से शहर खस्ताहाल हो रहा है। बीएसपी के जिम्मेदार अधिकारियों में साहस हो तो इन विचारों का खंडन करें। रिसाली, भिलाई नगर निगम का यही हाल है। टाउनशिप को पूरी तरह जर्जर करने के बाद सेल की पॉलिसी का हवाला देकर इस शहर को निजी हाथों में सौंप दिया जाएगा। बीएसपी प्रबंधन में साहस है तो इस जानकारी को असत्य ठहराएं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
