THE CG NEWS
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जारी मतदाता सूची को लेकर चिंता जताई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दावा किया कि उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं।
सीएम योगी ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा संगठन को विशेष अभियान चलाकर नाम जुड़वाने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) को मतदाता सूची में त्रुटियों, मतदाता आवेदनों के निस्तारण में अनावश्यक देरी और निगरानी में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, SIR प्रक्रिया के बाद 2.04 करोड़ से अधिक नाम हटाए गए और 84 लाख नए नाम जोड़े गए। मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं, सांसदों और विधायकों को निर्देश दिया है कि वे ‘कमल साथी’ ऐप और बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ समन्वय कर पात्र मतदाताओं के नाम फिर से जुड़वाना सुनिश्चित करें।
योगी के अनुसार, राज्य में करीब 16 करोड़ मतदाता होने चाहिए थे, लेकिन SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 13.39 करोड़ रह गई है। पंचायत मतदाता सूची और विधानसभा मतदाता सूची के बीच 66 लाख लोगों के नामों का अंतर सामने आया है। सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के 55 लाख लाभार्थी और 18-19 वर्ष की आयु के लगभग 4.5 लाख युवा भी मतदाता सूची से गायब बताए गए हैं।
अखिलेश का सवाल – ‘मुख्यमंत्री को आंकड़े किसने दिए?’
सीएम योगी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री के पास इतनी बड़ी संख्या में वोट कटने की जानकारी कहां से आई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले भी चार करोड़ वोट कटने की बात कह चुके हैं। यह पता चलना चाहिए कि उन्हें ये आंकड़े किसने दिए और इनका आधार क्या है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि 1 करोड़ 27 लाख वोट कम हो गए। उन्हें यह बात कब याद आई, जब वे MLC का चुनाव हार गए? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग डबल इंजन की बात करते थे, वे अब डबल जीरो हो गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
