
- 11 करोड़ से होगा आठ तालाबों का सौंदर्यीकरण : वोरा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक व राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने आपका विधायक आपके द्वार की तर्ज पर लगातार शहर के वार्डों में दौरा कर रहे हैं। लोगों से मेल मुलाकात के साथ ही वार्ड की मूलभूत समस्याओं का निराकरण भी कर रहे हैं। शहर के लगभग आधे वार्डों का दौरा पूरा करने के बाद वोरा ने नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया से वार्डों के विकास के लिए 50 करोड़ रुपए की मांग की है।

वोरा ने कहा कि राशि मिलने पर वार्डों में नागरिक सुविधाओं का विकास किया जोगा। सड़क-नाली जैसी समस्याओं का निराकरण किया जा सकेगा। वोरा की मांग पर शहर के 8 तालाबों के लिए सरोवर धरोहर योजना के अंतर्गत 11 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। कसारीडीह तालाब, लुचकी तालाब, डोंगिया तालाब, माता तालाब पोटिया, सिकोला तालाब, शीतला तालाब पोटिया और पोलसाय पारा तालाब का संवर्धन व सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा।
आज वोरा ने बांस पारा वार्ड क्रमांक 28 का दौरा किया, जहां नागरिकों ने निगम की शिकायतों का पिटारा खोल दिया। वोरा के दौरे में ज्यादातर वार्डों में नागरिकों द्वारा नगर निगम के कार्यप्रणाली और साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था के साथ सड़क-नाली से संबंधित शिकायत सामने आ रही हैं। निगम द्वारा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के मेंटेनेंस के लिए अनुबंधित ईईएसएल कंपनी के कर्मचारियों के बार-बार हड़ताल पर जाने के कारण त्योहारी सीजन में भी शहर में अंधेरा पसरा हुआ है और सैकड़ों शिकायतें पेंडिंग हैं।
वोरा ने निगम आयुक्त को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वार्डों में कैम्प लगाकर लोगों की शिकायतें का निदान करें। लगातार अधिकारियों के कार्य निष्पादन के प्रति इच्छाशक्ति की कमी की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे जनता को छोटी छोटी समस्याओं के लिए निगम का चक्कर लगाना पड़ रहा है। निगम के लिए स्वीकृत सेटअप के अनुसार नगरीय प्रशासन विभाग से कर्मचारियों की नियुक्ति हेतु पत्र प्रेषित करें, ताकि निकाय मंत्री से चर्चा कर स्वीकृति दिलाई जा सके। इससे शहर की व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
गौरतलब है कि नगर निगम में उच्च अधिकारियों के बीच सामंजस्य की कमी के कारण एक के बाद एक कई अधिकारियों ने स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति अथवा लंबी छुट्टी ले ली है, जिससे निगम के राम भरोसे चलने की स्थिति बन गई है। आज वार्ड दौरे के दौरान पार्षद राकेश सेन, मनीष बघेल, मासूब अली, रामकली यादव, राजकुमार पाली, छाया चौधरी, सन्नी साहू, पप्पू श्रीवास्तव, इंदरपाल भाटिया, गौरव उमरे और निगम के कार्यपालन अभियंता राजेश पांडेय, गिरीश दीवान, आरके पालिया मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal