
- श्रृंगी ऋषि आश्रम की पहाड़ी पर काली गुफा के पास लगाया गया था पिंजरा
- स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार परिक्षेत्र में तेन्दुआ को छोड़ा गया
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
सिहावा क्षेत्र स्थित श्रृंगी ऋषि आश्रम की पहाड़ी पर काली गुफा के पास वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में 22 अक्टूबर की सुबह एक नर तेन्दुआ पकड़ा गया। 11 अक्टूबर को उड़ीसा के नवरंगपुर जिले के ग्राम तुर्रीडीह से श्रृंगीऋषि सिहावा पहुंचे नरेन्द्र मरकाम के 6 साल के पुत्र पर तेन्दुआ ने हमला कर दिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। क्षेत्र में तेन्दुआ के आतंक के मद्देनजर वन विभाग द्वारा चार स्थानों पर तेन्दुआ पकड़ने पिंजरे लगाए गए। वन विभाग द्वारा श्रृंगी ऋषि पहाड़ी काली गुफा के पास, गणेश घाट, शीतला मंदिर और घोटूपारा (मुकुंदपुर) पिंजरे लगाए गए।
वनमण्डलाधिकारी सतोविशा समाजदार ने बताया कि पकड़े गए नर तेन्दुआ की उम्र लगभग दो साल है। तेन्दुआ को पशु चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद स्वस्थ और जंगल में छोड़ने योग्य पाए जाने पर उसे उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार परिक्षेत्र में ले जाकर पिंजरे से मुक्त किया गया। पिंजरे का गेट खोलते ही तेन्दुआ दौड़कर घने जंगल की ओर भाग गया।
वनमण्डलाधिकारी ने बताया कि तेन्दुआ को जंगल में छोड़ते वक्त पूरी तरह से स्वस्थ था और उसके शरीर पर घाव या चोट के निशान नहीं थे। तेन्दुआ को वन क्षेत्र में छोडने के दौरान वनमण्डलाधिकारी सहित वन विभाग का अमला, पशु चिकित्सक डॉ.दीपक नाग और ग्रामीण उपस्थित रहे। तेन्दुआ के पकड़े जाने के बाद भी अन्य तेन्दुए होने की संभावना के मद्देनजर वनमण्डलाधिकारी ने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों को सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal