
- धनतेरस और दीवाली से पहले राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त और गोधन न्याय योजना के तहत ग्रामीणों और किसानों को 1510 करोड़ 81 लाख रुपए की सौगात
- किसान हितैषी योजनाओं से राज्य में समृद्ध हुई खेती-किसानी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राज्योत्सव के अवसर पर अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के अंतर्गत राज्य के ग्रामीण किसानों को 1510 करोड़ 81 लाख रुपए की राशि का ऑनलाइन भुगतान किया। इस राशि में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त की राशि 1500 करोड़ रुपए और गोधन न्याय योजना के तहत गोबर विक्रेताओं , गौठान समितियों व महिला स्व सहायता समूहों को दी जाने वाली लाभांश की राशि 10 करोड़ 81 लाख रुपए शामिल है।
दीपावली और धनतेरस पर्व से ठीक पहले राज्य के 21 लाख ग्रामीण किसान भाइयों के खाते में राशि पहुंचने से उनके त्यौहार की खुशियां दोगुनी हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज ही के दिन छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण का सपना पूरा हुआ था। हमने राज्य के किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त की राशि 1500 करोड़ रुपए का भुगतान कर अपना वायदा पूरा किया है। गोधन न्याय योजना के अंतर्गत खरीदे गए गोबर की राशि, स्व-सहायता और गौठान समितियों को 10 करोड़ 21 लाख रूपए की लाभांश राशि का भुगतान भी किया है। इस साल भी किसान भरपूर उत्साह के साथ दीवाली मनाएंगे।
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण तथा स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रुद्र कुमार, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गांव, ग्रामीणों और किसानों की बेहतरी के लिए जो योजनाएं शुरू की है, उसका लाभ लोगों को मिला है। गांव और ग्रामीण स्वावलंबन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार अपने एक-एक वायदे को पूरा कर रही है। आज छत्तीसगढ़ मॉडल की चर्चा पूरे देश में हो रही है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना से ग्रामीणों और किसानों को मिल रही राशि की वजह से खुशहाली का माहौल है।
इस अवसर पर बस्तर सांसद दीपक बैज, राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ कमलप्रीत सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डीडी सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. एस. भारतीदासन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal