
- एनआरआई समुदाय नाचा ने छत्तीसगढ़ के 21 वें स्थापना दिवस पर किया भव्य वर्चुअल आयोजन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ के 21 वें राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर के अवसर पर एनआरआई समुदाय नाचा (उत्तरी अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन) ने अमेरिका से वैश्विक स्तर पर एक भव्य वर्चुअल आयोजन किया। आयोजन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और साहित्य से देश-दुनिया का परिचय कराते हुए विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें यूएसए, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप, भारत और सिंगापुर से लोगों ने हिस्सा लिया।
इसका लाइव प्रसारण नाचा के सोशल मीडिया चैनल पर किया गया।

कार्यक्रम में अमेरिकन राजनीतिज्ञ डेनिस डेविस ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी और अमेरिका में रहने वाले छत्तीसगढ़ के लोगों के काम की सराहना की। इस साल भारत का 75 वां आजादी का अमृत महोत्सव होने के कारण नाचा ने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके योगदान को याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पद्मश्री ममता चंद्राकर भी कार्यक्रम से जुड़ीं और छत्तीसगढ़ी में गीत की प्रस्तुति दी। वर्चुअल आयोजन में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़िया लोगों ने अपनी मातृभूमि को याद किया और अपने अनुभव साझा किए।
खैरागढ़ के रोमानिया में भारत के राजदूत राहुल श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ की यादों को साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का खानपान, संस्कृति अनूठी होने के साथ वहाँ पर्यटन की बहुत अधिक संभावना है जिसे हमें दुनिया को बताना चाहिए। बलौदाबाजार के प्रसिद्ध मास्टर शेफ विजय शर्मा ने अपनी मिट्टी की खुशबू को याद करते हुए कहा कि वे देश-विदेश जहां भी जाते हैं, छत्तीसगढ़ का जायका और उसकी खुशबू साथ जाती है। इस तरह विदेशों में रहने वाले लोगों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की माटी की महक को दूर दूर तक पहुंचा दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal