
- कलेक्टर ने राजनांदगांव और खैरागढ़ विकासखंड के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में राशि आहरण की व्यवस्था का जायजा लिया
- बैंक में किसानों से बातचीत कर वहां मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली
- बैंकों को देर शाम तक राशि वितरण करने के दिए निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज राजनांदगांव और खैरागढ़ विकासखंड के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में राशि आहरण की व्यवस्था का जायजा लिया। घुमका और खैरागढ़ के जिला सहकारी बैंकों का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत बैंकों में जमा राशि निकालने में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने बैंक में किसानों से बातचीत कर वहां मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बैंक के अधिकारियों से कहा कि किसानों को राशि आहरण में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। दीपावली से पहले किसानों को बोनस की राशि का वितरण करें। देर शाम तक राशि वितरण करने के निर्देश दिए। ताकि अधिक से अधिक किसानों को राशि मिल सके। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बैंकों में पुलिस जवान तैनात करने कहा। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान एटीएम का उपयोग जरूर करें। एटीएम में राशि उपलब्धता की जानकारी चस्पा करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने बैंक में किसानों से राजीव गांधी किसान न्याय योजना के बारे में बातचीत की। घुमका निवासी किसान जीवन लाल वर्मा ने खुश होकर बताया कि दीपावली के पहले राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राशि मिलने से बहुत खुश है। तीसरे किश्त के रूप में 10 हजार रुपए की राशि मिली है। वे इस राशि से दीपावली की खरीदी और कृषि कार्य में उपयोग करेंगे। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक घुमका के अधिकारी ने बताया कि कल 700 किसानों को लगभग 70 लाख रुपए की राशि वितरित की गई। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खैरागढ़ में 635 लोगों को लगभग 83 लाख रुपए का वितरण किया गया। इस दौरान एसडीएम राजनांदगांव अरूण कुमार वर्मा, एसडीएम खैरागढ़ लवकेश ध्रुव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal