- असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर भड़के राव
- सरमा को सीएम पद से हटाने की मांग की
- राहुल गांधी पर सरमा की टिप्पणी पर देश के कई नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है

नलगोंडा (तेलंगाना) / तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने हिमंत बिस्वा सरमा के बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी, क्या ये भाजपा के संस्कार हैं? क्या ये हमारे देश की मर्यादा है? मेरा शर्म सिर से झुक रहा है? आंखों में पानी आ रहा है?
दरअसल असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने हाल ही में उत्तराखंड में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि राहुल गांधी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगते हैं, लेकिन हमने तो कभी भी राहुल गांधी से उनके राजीव गांधी का पुत्र होने का सबूत नहीं मांगा। इस बयान की पूरे देश में तीखी प्रतिक्रिया हुई है। तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव ने इसी बयान के बाद मोदी समेत पूरे भाजपा को कटघरे में खड़ा किया है।
राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को पद से हटाने का आग्रह किया है। आपको बता दें कि सरमा की टिप्पणी की पूरे देश में कड़ी निंदा हो रही है। सोशल मीडिया में भी सरमा के बयान को स्तरहीन बताया जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal