- चैत्र नवरात्रि पर्व में पदयात्रियों के लिए सुगम और सुरक्षित मार्ग व्यवस्था के लिए बैठक
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ 2 अप्रैल से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्रि के दौरान पैदल डोगरगढ़़ जाने वाले दर्शनार्थियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए मार्ग व्यवस्था के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर- 6 भिलाई में बैठक हुई जिसमें कई पदयात्रियों का मार्ग बदला गया है। डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्री पूर्व के वर्षों में कुम्हारी, चरोदा, भिलाई-3, खुर्सीपार, सुपेला, सेक्टर एरिया, दुर्ग, पुलगांव, अंजोरा होते हुए राजनांदगांव की ओर जाते है। इस साल जीई रोड पर फ्लाई ओव्हर निर्माण कार्य के कारण सड़क संकरी है। इस कारण पदयात्रा मार्ग में बदलाव किया गया है।
पूर्व के वर्षों में पदयात्री पावर हाउस चौक से सुपेला की ओर जाते थे, लेकिन इस बार खुर्सीपार तिराहा से रेल्वे फाटक होते हुए मुर्गा चौक से सेन्ट्रल एवेन्यु होकर सेक्टर 9 चौक से ठगड़ाबांध ओव्हर ब्रिज, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी पुल होते हुए अंजोरा बायपास से जाएंगे। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर द्वारा नगर निगम भिलाई, दुर्ग, चरोदा, नगर पालिका परिषद कुम्हारी और जनपद पंचायत दुर्ग को महमरा व अंजोरा में पदयात्री मार्ग में समुचित लाइटिंग, सहायता केन्द्र हेतु टेन्ट, ‘‘पदयात्री बांये चले’’ लिखा हुआ फ्लैक्स और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये गए हैं।
इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग दुर्ग संभाग, लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग को बांस बल्ली से पदयात्री के लिये सुरक्षित लेन जिसमें चूना से पोताई किया गया हुआ हो, रिफ्लेक्टिव टेप व रिबन बंधा होना चाहिए। अस्थायी स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश भी दिये गए हैं। वन विभाग सुरक्षित लेन बनाने के लिए लगने वाले बांस-बल्ली उपलब्ध कराएगा। विद्युत विभाग को 2 अप्रैल से 9 अप्रैल तक पदयात्री मार्ग पर निर्बाध विद्युत व्यवस्था के निर्देशित किया गया है।
इस वर्ष पदयात्रियों को खुर्सीपार तिराहा से रेल्वे फाटक होते हुये सेन्ट्रल एवेन्यु मार्ग से जेल तिराहा की ओर जाएंगे। इस रूट पर भिलाई इस्पात संयंत्र को मार्ग मे समुचित लाईटिंग और सहायता केन्द्र हेतु टेंट लगाने निर्देशित किया गया। बैठक में एडीएम नूपुर राशि पन्ना, भिलाई नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे, एएसपी संजय कुमार ध्रुव, एसडीएम विनय पोयाम, चरोदा नगर निगम के आयुक्त कीर्तिमान राठौर, उप पुलिस अधीक्षक यातायात गुरजीत सिंह, नगर निगम भिलाई के उपायुक्त सुनील अग्रहरि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
