- भाजपा नेताओं ने प्रेस बयान जारी कर कहा : सांसद के वक्तव्य से कार्यकर्ता हैं नाराज़
द सीजी न्यूज
भाजपा में मचे आंतरिक घमासान की खबरें आज सतह पर आ गई। शायद ऐसा पहली बार हुआ है जब भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं ने अपनी ही पार्टी के सांसद विजय बघेल पर निशाना साधा है। विजय बघेल के एक वक्तव्य को लेकर नाराज भाजपा नेताओं ने यहां तक कहा कि सांसद के इस तरह के बयान और वक्तव्य बर्दाश्त नहीं किये जाएंगे। खास बात ये है कि बयान देने वाले सभी नेता राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय के गुट से जुड़े हैं।
विवाद की शुरूआत तब हुई, जब भाजपा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा आगामी 16 मई को होने वाले जेल भरो आंदोलन को लेकर दुर्ग में बैठक ली गई। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद विजय बघेल, ज़िला प्रभारी पुरंदर मिश्रा, प्रदेश मंत्री ऊषा टावरी, विधायक विद्यारतन भसीन, राकेश पांडेय, प्रेमप्रकाश पांडेय, नीलू शर्मा, रमशीला साहू, चंद्रिका चन्द्राकर, वीरेन्द्र साहू, जय सिंह राजपूत, नटवर ताम्रकार, ललित चन्द्राकर, लाभचंद बाफ़ना, सांवला राम डहरे उपस्थित थे।
प्रदेश महामंत्री पवन देव साय ने अपने वक्तव्य में आगामी जेल भरो आंदोलन के स्वरूप को लेकर योजना बताई और दुर्ग भिलाई जिला संगठन में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसी दौरान सांसद विजय बघेल ने भाजपा संगठन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह उठाते हुए कहा कि संगठन अपने पूरी क्षमता से कार्य नहीं कर रहा है। यह सुनकर सभी अवाक रह गए।
इस बयान के बाद प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पाण्डेय ने कहा कि बार-बार संगठन के कार्यों और कार्यकर्ताओं पर प्रश्नचिन्ह लगाना कार्यकर्ता व संगठन का अपमान है, हमें इससे बचना चाहिये। संगठन सर्वोपरि है। संगठन से ऊपर कुछ भी नहीं है।
राकेश पांडेय के अलावा कई प्रमुख भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताई है। पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने कहा कि उनके लगातार ऐसे बर्ताव से पीड़ा महसूस होती है। पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर ने कहा कि जब-जब भी बैठक हुई है तो उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराया है। उषा टावरी ने कहा कि संगठन की अवहेलना क़तई बर्दाश्त नहीं होगी। पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे ने कहा कि कार्यकर्ताओं को बार-बार कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं।
संगठन के पदाधिकारियों ने जताया रोष
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि वे अपने संसाधन जुटाकर और संगठन में समय देकर काम करते हैं जिसके परिणामस्वरूप 15 वर्ष भाजपा सत्ता में रही। पूरी निष्ठा से सभी कार्यकर्ता संगठन का कार्य कर रहे हैं। बैठक में संयुक्त रूप से दुर्ग व भिलाई जिला संगठन के जिला पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी व मोर्चा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष, संयोजक गण मंडल अध्यक्ष व महामंत्री उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
