द सीजी न्यूज
दुर्ग / भाजपा में मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा की राष्ट्रीय नेताओं में से एक सरोज पांडेय के समर्थकों ने कल दुर्ग के सांसद विजय बघेल पर जिस तरह हमला किया, उसके बाद विजय बघेल के समर्थकों ने भी पलटवार किया है। नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन डॉ प्रतीक उमरे ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र भेजकर इस मामले की शिकायत की है। प्रतीक उमरे ने पत्र में राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय का नाम लिये बिना सरोज समेत उनके समर्थकों पर कड़ा प्रहार करते हुए कार्रवाई की मांग की है।भाजपा सूत्रों का कहना है कि अभी शुरूआत है। मोर्चेबंदी की बड़ी तस्वीर आनी अभी बाकी है।
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. प्रतीक उमरे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को पत्र प्रेषित कर सांसद विजय बघेल के खिलाफ पार्टी संगठन के विपरीत जाकर झूठी और अनर्गल बयानबाजी करने वालों की शिकायत की है। प्रतीक ने दुर्ग लोकसभा के जनमत और विश्वास का अपमान करने वाले बिना जनाधार वाले तथाकथित भाजपा नेताओं पर कड़ी कार्यवाही की मांग भी की है।
पूर्व एल्डरमैन ने पत्र के माध्यम से कहा है कि सांसद विजय बघेल छत्तीसगढ़ शासन में संसदीय सचिव रह चुके हैं और शासन-प्रशासन के मामलों में अनुभवी है। दुर्ग लोकसभा के हर एक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के मन में उनके लिये बहुत सम्मान है। दूसरी ओर, मोदी लहर में भी करारी हार का सामना कर चुके जनाधार विहीन नेताओं के परिजन और उनके चरणवंदक दुर्ग लोकसभा की आम जनता के जनमत का अपमान कर रहे हैं। इससे भारतीय जनता पार्टी को भारी नुकसान हो रहा है और कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है।
प्रतीक ने कहा कि सांसद विजय बघेल ने पिछले लोकसभा चुनाव में पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में सबसे ज्यादा वोट से जीत दर्ज कर रिकॉर्ड कायम किया था, यह दुर्ग की आम जनता का उनके ऊपर विश्वास का प्रतिफल है। यह दुर्ग के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पूरे प्रदेश भाजपा के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह क्षेत्र होने के बावजूद सांसद विजय बघेल ने दुर्ग संसदीय क्षेत्र से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
प्रतीक ने कहा है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी बहुल्य क्षेत्र है और विजय बघेल खुद लोकसभा सांसद व प्रदेश कुर्मी समाज के अध्यक्ष होने के नाते सर्व समाज का नेतृत्व करते हैं, जिससे उनके खिलाफ अनर्गल बातें करना सर्व समाज और छत्तीसगढ़ के हर एक भाजपा कार्यकर्ता को अपमानित करने के बराबर है। पूर्व एल्डरमैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से इस विषय पर गंभीरता पूर्वक संज्ञान लेते हुए तत्काल उन चरणवंदकों पर कार्यवाही की मांग की है। प्रतीक ने दावा किया कि इसके पहले भी 2020 में उनकी शिकायत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संज्ञान लेते हुए सरोज पांडेय को महासचिव पद से हटाया था।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
