- फैशन डिजाइन व ब्यूटी पार्लर का तीन माह का प्रशिक्षण ले रही हैं शासकीय स्कूल वैशाली नगर की छात्राएं
द सीजी न्यूज
भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई में बच्चों की शिक्षा को समर्पित संस्थान भिलाई एजुकेशन चेरिटेबल ट्रस्ट (बीईसीटी) के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम की छात्राओं ने रविवार को शहर में आयोजित ‘स्पंदन’ कार्यक्रम के नृत्य प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। इन छात्राओं ने छत्तीसगढ़ लोक नृत्य की प्रस्तुति दी थी।

फैशन शो में मॉडल्स के कॉस्ट्यूम्स और मेकअप बीईसीटी की छात्राओं ने किया। कुछ छात्राओं ने अपना हुनर रैंप वॉक में भी दिखाया। बेहतर आजीविका के लिए बीईसीटी और रोटरी पिनेकल के सहयोग से फिनिक्स कौशल विकास संस्था में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैशाली नगर की 32 छात्राओं को प्रेरित करते हुए उच्च शिक्षा में विशेष तौर पर फैशन डिजाइनिंग और ब्यूटी पार्लर की तीन माह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शाला की प्राचार्या संगीता सिंह बघेल ने सभी छात्राओं के कौशल और प्रयासों की खूब सराहना की और बीईसीटी और रोटरी पिनेकल के प्रति आभार व्यक्त किया।

बीईसीटी की ट्रस्टी रजनी कथूरिया ने कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैशन डिजाइनर और म्यूटेशन ने अपनी अलग पहचान बना चुके हैं, जो सिर्फ हुनर से संभव होता है। छात्राएं इन कोर्सो के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा अपने हुनर को निखारें। बीईसीटी के चीफ प्रोग्राम ऑफिसर ईपी रितेश ने कहा कि यह ब्यूटी पार्लर और फैशन डिजाइनिंग कोर्स छात्राओं को सशक्त बनाने और स्वरोजगार अपनाने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में आए दर्शकों ने इन शासकीय स्कूल की कन्याओं के हुनर की खूब प्रशंसा की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
