• छत्तीसगढ़ी पारम्परिक खेल भी प्रतियोगिता में होंगे शामिल
  • विकासखण्ड और जिला स्तर पर सब जूनियर और जूनियर कैटेगरी में होगी प्रतियोगिता

द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवोदित खिलाड़ियों में खेल के प्रति अधिक दिलचस्पी पैदा करने और खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें अधिक से अधिक अवसर देने के उद्देश्य से प्रदेश में ’खेल प्रतियोगिता 2022’ आयोजित करने की विशेष पहल की है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा यह प्रतियोगिता ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में प्रत्येक विकासखण्ड स्तर और जिला स्तर पर आयोजित की जाएगी। बालक व बालिका वर्ग के लिए सब जूनियर और जूनियर कैटेगरी में खेल प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में विजेता दल और खिलाड़ियों को पारितोषिक-प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री प्रदान की जाएगी।
विकासखण्ड स्तर पर दलीय खेलों के अंतर्गत हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट और व्यक्तिगत विधा के अंतर्गत एथलेटिक (दौड़ 400 मी.), बैडमिंटन व कुश्ती खेलों की प्रतियोगिताएं होगी। जिला स्तर पर दलीय खेलों के अंतर्गत हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट सहित दो छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेल और व्यक्तिगत विधा के अंतर्गत एथलेटिक (दौड़ 400 मी.), बैडमिंटन और कुश्ती सहित दो छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं होगी।