Breaking News

जनसमस्या शिविर में जमीन के पट्‌टे की मांग सबसे ज्यादा : वोरा ने जांच प्रक्रिया पूरी कर सभी पात्र लोगों को पट्‌टे का वितरण करने दिये निर्देश 

द सीजी न्यूज 

दुर्ग/ आज गुरुवार को औद्योगिक नगर वार्ड के शांति नगर स्थित शीतला मंदिर परिसर में नगर निगम का जनसमस्या समाधान शिविर लगाया गया जिसमें बड़ी तादाद में नागरिकों ने शिकायतों और मांगों से संबंधित आवेदन जमा किये।  शिविर में स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमैन वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, निगम आयुक्त हरेश मंडावी, एसडीएम विनय पोयाम ने नागरिकों की मांगों और शिकायतों को सुनने के बाद विभागीय अधिकारियों को तत्काल समस्या का निराकरण करने कहा। शिविर में सबसे ज्यादा संख्या में पट्‌टे की मांग से संबंधित आवेदन जमा किये गए।

विधायक अरुण वोरा ने इस मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप भूमिहीन लोगों को पट्‌टे दिये जा रहे हैं। पट्‌टे के आवेदनों की जांच व परीक्षण के बाद पात्र लोगों को पट्‌टे दिये जाएंगे। वोरा ने कहा कि तालाब के किनारे पिछले 50 साल से रहने वाले लोगों के प्रकरणों को भी शासन के पास भेजा जाए। शासन से मंजूरी मिलने पर नियमानुसार लोगों को पट्‌टे का वितरण किया जाए। उन्होंने शिविर में मौजूद एसडीएम विनय पोयाम से कहा कि जमीन के पट्टे की मांग से सम्बंधित आवेदनों का तत्काल निराकरण किया जाना चाहिए।

एसडीएम ने बताया कि विभिन्न वार्डों में पट्‌टे के आवेदनों का परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण के बाद नियमानुसार पट्‌टे का वितरण किया जाएगा। तालाब या वाटर बॉडी के किनारे मकान बनाकर रहने वाले लोगों को आवासीय पट्‌टे देने के लिए प्रकरण बनाकर शासन को प्रेषित किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिविर में वार्ड 17, 18 और 19 के नागरिकों की समस्या जैसे पानी, बिजली, सफाई, राशन कार्ड, पेंशन, नामान्तरण, आबादी पट्टा सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन दिये गए। आज शिविर में कुल 262 आवेदन दिये गए जिसमें से 10 आवेदनों का शिविर में ही त्वरित निराकरण किया गया। पट्टे से सम्बंधित  190 आवेदनों को सक्षम प्राधिकारी को प्रेषित किया गया और शेष आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने अधिकारियों को दिए हैं।

इस मौके पर एमआईसी मेंबर दीपक साहू, संजय कोहले, हमीद खोखर, मनदीप सिंह भाटिया, वार्ड पार्षद देवनारायण चंद्राकर, निर्मला साहू, राजकुमार नारायणी, काशीराम रात्रे, एल्डरमेन अजय गुप्ता, हेमा साहू सहित अधिकारीगण व कर्मचारियों के अलावा नागरिकगण उपस्थित थे।

Check Also

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव : केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने 36 विभूतियों-संस्थाओं को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित

  राज्योत्सव के समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!