- स्वास्थ्य में सरकार खर्च कर रही करोड़ों, ना हो आगे पाठ पीछे सपाट : वोरा
द सीजी न्यूज
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा रविवार को जिला अस्पताल परिसर में स्थित 100 बिस्तर वाले नव निर्मित मातृ शिशु अस्पताल के औचक निरीक्षण करने पहुंचे। यहां भर्ती मरीजों ने वोरा के सामने शिकायतों का अंबार लगा दिया। मरीजों और परिजनों ने बताया कि अस्पताल में भारी अव्यवस्था है। पीने का पानी, वाटर कूलर, पुरुष प्रसाधन की कमी है।
मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि मरीजों के लिए बनाए गए शौचालयों की स्थिति भी रखरखाव के अभाव में बेहद दयनीय हो चुकी है। साफ-सफाई की कमी है। खाने की मात्रा और गुणवत्ता भी ठीक नहीं है। वोरा ने इन शिकायतों पर सिविल सर्जन से चर्चा कर कड़ी नाराजगी जताई और सभी अव्यवस्थाओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
वोरा ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है, जिले के सबसे बड़े अस्पताल को अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। सरकार स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने के लिए करोड़ों खर्च कर रही है, लेकिन रखरखाव व प्रबंधन की लापरवाही से आगे पाठ-पीछे सपाट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए।
वोरा ने कहा कि सिविल सर्जन स्वयं अस्पताल की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करें। आसपास के क्षेत्रों के आम जनों और गरीबों के लिए दुर्ग जिला अस्पताल एक बड़ा सहारा है। हमर लैब, 11 करोड़ के सर्जिकल वार्ड, 3 करोड़ के ऑक्सीजन प्लांट, ट्रॉमा सेंटर, वायरोलॉजी लैब जैसी तमाम सुविधाएं यहां उपलब्ध कराई गई हैं। हाल ही में अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना के लिए भी 25 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने दो दिनों के अंदर मातृ शिशु अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


