- आवेदकों को ड्राइविंग लायसेंस और पंजीयन प्रमाण पत्र के लिए बार-बार चक्कर लगाने से मिली मुक्ति
- परिवहन विभाग द्वारा हेल्पलाइन नम्बर +91- 75808-08030 जारी
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा नई सुविधा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार’ का कुशलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। केवल जून से मार्च माह तक एक साल से कम समय में 10 लाख 1 हज़ार 7 सौ स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र और ड्राइविंग लायसेंस आवेदकों के घर भेजे जा चुके हैं। इनमें 6 लाख 66 हजार 822 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र और 3 लाख 31 हजार 947 ड्राइविंग लायसेंस शामिल हैं।
परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर द्वारा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ के सुव्यवस्थित संचालन के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस योजना में लोगों को परिवहन संबंधी 22 सेवाएं उनके घर के द्वार पर पहुंचाकर दी जा रही है। जन केन्द्रित इस सुविधा के अंतर्गत लोगों को अब बार-बार परिवहन विभाग का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इससे आवेदकों के धन और समय दोनों की ही बचत हो रही है।
परिवहन विभाग के अफसरों ने बताया कि ‘तुंहर सरकार, तुंहर द्वार’ सेवा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए विभाग द्वारा एक हेल्पलाईन नम्बर +91-75808-08030 जारी किया गया है, जो सभी कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक कार्य करते हुए जानकारी प्रदान करता है।
आवेदक चाही गई जानकारी ई-मेल आईडी cgparivahandispatch@gmail.com पर भी अपनी मेल भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। हेल्पलाइन नम्बर पर फोन करके आवेदक अपने ड्रायविंग लाइसेंस और पंजीयन प्रमाण पत्र के प्रेषण संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभी औसतन प्रतिदिन 100 कॉल आ रहे हैं। मुख्य रूप से ड्रायविंग लाइसेंस और पंजीयन प्रक्रिया, टैक्स व फीस संबंधी जानकारी प्राप्त की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

