- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा पर अमल, अधोसंरचना विकास के लिए नगर निगमों को मिली राशि
द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा अधोसंरचना विकास के लिए प्रदेश के सभी नगर निगमों में पहली बार वार्ड वार राशि मंजूर की गई है। विभाग द्वारा पहले चरण में सभी नगर निगमों के लिए कुल 66 करोड़ 26 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा विगत 31 मार्च को नगरीय निकायों में अधोसंरचना विकास के लिए राशि देने की घोषणा की गई थी। विभाग ने सभी नगर निगमों के आयुक्त को राशि की स्वीकृति की जानकारी देते हुए अधोसंरचना विकास के कार्यों का प्रस्ताव भेजने कहा है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर नगर निगम में प्रत्येक वार्ड के लिए 15 लाख रुपए के मान से कुल दस करोड़ 50 लाख रुपए मंजूर किए हैं। भिलाई और बिलासपुर नगर निगम में प्रत्येक वार्ड के लिए दस लाख रुपए के मान से कुल सात-सात करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। कोरबा, दुर्ग, राजनांदगांव, जगदलपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, बीरगांव, धमतरी, भिलाई-चरोदा, रिसाली और चिरमिरी नगर निगमों में प्रत्येक वार्ड के लिए आठ लाख रुपए के मान से राशि मंजूर की गई है।
विभाग द्वारा कोरबा नगर निगम के लिए कुल पांच करोड़ 36 लाख रुपए, दुर्ग के लिए चार करोड़ 80 लाख रुपए, राजनांदगांव के लिए चार करोड़ आठ लाख रुपए, जगदलपुर, रायगढ़ और अंबिकापुर के लिए 3.84 – 3.84 करोड़ रुपए, बीरगांव, धमतरी, भिलाई-चरोदा, रिसाली और चिरमिरी नगर निगमों के लिए 3.20 – 3.20 करोड़ रुपए की मंजूरी वार्ड स्तर पर विकास कार्यों के लिए दी गई है।
इस राशि से वार्डों में मुख्यमंत्री या विभागीय मंत्री की घोषणा वाले कार्य, सड़कों की मरम्मत, रखरखाव व नए सड़कों के निर्माण, नाला व नाली निर्माण और पुल-पुलियों के निर्माण के कार्य किए जाएंगे। स्ट्रीट लाइट और वंचित क्षेत्रों में पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल वितरण के कार्य भी इससे किए जाएंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी नगर निगमों के आयुक्त को अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में 30 प्रतिशत राशि के कार्यों का प्रस्ताव शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

