Breaking News

स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह का देश की आजादी में अविस्मरणीय योगदान – कलेक्टर

  • सेम्हरादैहान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह के घर जाकर उनके परिजनों से मिले कलेक्टर 
  • प्रस्तावित अमृत सरोवर का किया निरीक्षण
  • महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की स्मृतियों को सहेजना सबका कर्तव्य 
  • कलेक्टर से ठाकुर प्यारेलाल सिंह के परिजनों ने उनके जीवन से जुड़ी बातें की साझा

द सीजी न्यूज

 

राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सेम्हरादैहान जाकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह के घर पर उनके परिजनों से भेंट की। कलेक्टर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया। उनके परिजनों से आत्मीय भेंट के दौरान कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह का देश की आजादी में अविस्मरणीय योगदान है। उनके विचार और आदर्श पूरे समाज के लिए प्रेरक और मार्गदर्शी हैं।

कलेक्टर ने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की स्मृतियों को सहेजना हम सबका कर्तव्य है। स्व. ठाकुर प्यारेलाल सिंह के नेतृत्व में राजनांदगांव स्थित बीएनसी मिल के मजदूर एकजुट हुए और अंग्रेजी शासन के खिलाफ वर्ष 1920 में प्रदेश का प्रथम लंबा सफल आंदोलन हुआ था। उनके परिजन नरेन्द्र सिंह ने कहा कि यहां की मिट्टी उनकी जन्मभूमि है और यहां उनकी यादें बसी हुई है। उन्होंने कलेक्टर से ठाकुर प्यारेलाल सिंह के जीवन से जुड़ी बातें साझा की।

कलेक्टर ने उनके परिजनों से गांव की समस्याओं और समाधान के संबंध में चर्चा की। उन्होंने ग्राम में प्रस्तावित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया और शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उनके परिजनों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ईई को तालाब गहरीकरण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि तालाब जल्द बनने पर पानी रिचार्ज हो सकेगा। उन्होंने सांस्कृतिक भवन का बेहतर तरीके से रखरखाव करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गांव में अच्छा गौठान होना चाहिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी एस घोष, जनपद सीईओ रोशनी भगत, बीपीएम सुशील श्रीवास्तव व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव : केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने 36 विभूतियों-संस्थाओं को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित

  राज्योत्सव के समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!