- पवन खेड़ा ने दी चेतावनी : शराफत हमारा गहना है, बेड़ियां नहीं …
- राहुल गांधी से जुड़े वीडियो में छेड़छाड़ कर भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में दी चेतावनी
द सीजी न्यूज
हाल ही में एक न्यूज चैनल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के केरल में दिए एक बयान के क्लिप को छेड़छाड़ करते हुए उदयपुर हत्याकांड से जोड़कर दिखाया था, जिसे पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर सहित कई भाजपा नेताओं ने शेयर किया। राहुल गांधी पर निशाना साधा गया। राहुल गांधी के वीडियों को छेड़छाड़ के बाद इसे वायरल करने से नाराज कांग्रेस ने भाजपा नेताओं को बड़ी चेतावनी दी है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भाजपा को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि शराफत हमारा गहना है, बेड़ियां नहीं।
पवन खेड़ा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखे प्रहार किये। कांग्रेस नेता ने कहा, “आज के बाद एक व्यक्ति भी … और ये बात भारतीय जनता पार्टी विशेष तौर पर ध्यान से सुन ले … एक व्यक्ति भी हमारी पार्टी, हमारे नेता, हमारी विरासत के खिलाफ एक शब्द बोलेगा, तथ्य तोड़-मरोड़कर पेश करेगा, तो कई-कई पीढ़ियों तक उनको याद रखना पड़ेगा, भाजपा इसे चेतावनी मान ले तो उचित रहेगा।”
पवन खेड़ा ने आगे कहा, “जिन सांसदों और भूतपूर्व मंत्रियों ने अभी भी इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया पर रखा है, वह भी आज सुन लें। देखते रहें कि आने वाले दिनों में उनके साथ कानून सम्मत कैसी कार्रवाई की जाती है।
कांग्रेस ने भाजपा नेताओं से की माफी की मांग
राहुल गांधी से जुड़े वीडियो को भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद कांग्रेस ने शनिवार को कहा था कि यह वीडियो ‘फर्जी खबर’ के रूप में फैलाया गया है। अगर भाजपा और उसके नेताओं ने इसके लिए माफी नहीं मांगी, तो उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर जयराम रमेश ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र भी लिखा है और भाजपा नेताओं की तरफ से उनसे माफी की मांग की गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
