• राज्य के तीन उत्कृष्ट गौठानों को 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी
  • प्रत्येक जिले के एक-एक उत्कृष्ट गौठान को 25-25 हजार रुपए का पुरस्कार
  • राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर गठित समिति करेगी उत्कृष्ट गौठानों का चयन
  • उत्कृष्ट गौठान चयन के लिए 100 अंक का मापन संकेतक निर्धारित

द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप राज्य व जिला स्तर पर उत्कृष्ट गौठानों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुरस्कृत और  सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग द्वारा उत्कृष्ट गौठानों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य के तीन सर्वश्रेष्ठ गौठानों को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में 50-50 हजार रुपए का पुरस्कार और प्रत्येक जिले के एक-एक उत्कृष्ट गौठानों को 25-25 हजार रुपए का  पुरस्कार जिला स्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।

समारोह में उत्कृष्ट गौठान से संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच और गौठान समिति के अध्यक्ष को मुख्य अतिथि द्वारा शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया जाएगा। उत्कृष्ट गौठानों को पुरस्कृत करने के लिए 10 लाख रुपए का अनुमोदन गोधन न्याय मिशन की बैठक में किया जा चुका है।