- कोलिहामार गुरुर में आयोजित विश्व आदिवासी दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री
- नारागांव के चार स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमा स्थापित करने और शासकीय महाविद्यालय गुरुर का नामकरण स्व. डारन बाई तारम के नाम से करने की घोषणा
- आदिवासी सामुदायिक भवन का निर्माण, मुख्य मार्ग गुरूर में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा की स्थापना, प्री.मैट्रिक छात्रावास व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के जीर्णाेद्धार सहित विभिन्न विकास कार्यों की दी सौगात
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देश को स्वाधीन कराने और राष्ट्र व समाज के नवनिर्माण में आदिवासी समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पूरे देश की भांति हमारे छत्तीसगढ़ में भी शहीद गुण्डाधुर, परलकोट के जमींदार शहीद गैंदसिंह नायक, सोनाखान के जमींदार शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक आदिवासी महापुरूषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अंग्रेजों के खिलाफ क्रांति का शंखनाद कर अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। उन्होंने आदिवासी समाज को शांत, सरल और मेहनतकश समाज बताते हुए कहा कि हमारी सरकार आदिवासियों के विकास और उनके हितों के संरक्षण के लिए कटिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।
मुख्यमंत्री आज बालोद जिले के गुरूर विकासखण्ड के ग्राम कोलिहामार में आदिवासी गोंडवाना सेवा समिति तहसील गुरूर द्वारा आयोजित विश्व आदिवासी दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया, संसदीय सचिव व गोण्डवाना समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिशुपाल शोरी, संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, संजारी-बालोद की विधायक संगीता सिन्हा, गोंडवाना समाज के प्रदेश अध्यक्ष नीलकंठ टेकाम सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम नारांगाव के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. सुकालू राम कड़ियाम, स्व.बिसाहू राम गायकवाड़, स्व.पीताम्बर मंडावी, स्व.सरजू राम मंडावी सहित चारों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मृति को चिरस्थायी बनाने हेतु उनके प्रतिमा का निर्माण करने के लिए 20 लाख रुपए और शासकीय महाविद्यालय गुरूर का नामकरण क्षेत्र की प्रथम आदिवासी विधायक डारन बाई तारम के नाम से करने, आदिवासी सामुदायिक भवन के जीर्णाेद्धार के लिए 50 लाख रुपए, प्री.मैट्रिक बालक छात्रावास को 20 सीटर से बढ़ाकर 50 सीटर करने और जीर्णाेद्धार के लिए 20 लाख रुपए, मुख्य मार्ग गुरूर में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपए और बालोद के बूढ़ातालाब का सौंदर्यीकरण कराने और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुरूर का जीर्णाेद्धार कराने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम कोलिहामार ग्राम के विकास के लिए 20 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने और विकासखण्ड मुख्यालय गुरूर में पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास खोलने की घोषणा भी की।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार समाज के सभी वर्गों के साथ-साथ किसान और मजदूरों को भी सबल व आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। इसके लिए राज्य सरकार के द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहिन कृषि मजदूर न्याय योजना, गोधन न्याय योजना आदि महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 20 अगस्त को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की दूसरी किश्त की राशि किसानों के खाते में जमा कर दी जाएगी। इसके साथ-साथ राज्य में धान के अलावा कोदो-कुटकी, रागी आदि फसलों की भी समर्थन मूल्य में खरीदी की जा रही है।
कार्यक्रम को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया, संसदीय सचिव व गोंडवाना समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिशुपाल सोरी, संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, विधायक संगीता सोनी, गोंडवाना समाज के प्रदेश अध्यक्ष नीलकंठ टेकाम और आदिवासी गोंडवाना सेवा समिति की अध्यक्ष उत्तरा मरकाम ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य चन्द्रप्रभा सुधाकर, डॉ. शंकर उईके सहित पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, 14वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के सेनानी डी.आर.आचला व अन्य जनप्रतिनिधि व समाज प्रमुखगण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
