Breaking News

शिवनाथ का जलस्तर और बढ़ा : रात में घटने के आसार : दुर्ग में बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन, शिविर वगैरह की व्यवस्था में जुटा प्रशासन

  • विधायक अरुण वोरा ने शाम के समय भी बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था की
  • प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे कलेक्टर और निगम कमिश्नर 
  • भोजन-पानी-दवाई के साथ ठहरने की व्यवस्था बेहतर करने अफसरों को दिये निर्देश
  • वृंदावन गार्डन रेस्टॉरेंट से प्रभावित परिवारों को पुलगांव चौक के पास भवन में शिफ्ट किया गया

द सीजी न्यूज 

विधायक अरुण वोरा शाम के समय भी प्रभावित परिवारों के लिए भोजन के पैकेट लेकर सांस्कृतिक भवन में बने अस्थायी कैंप में पहुंचे। लोगों को पैकेट का वितरण भी किया।

दुर्ग। देर रात शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद आज दुर्ग शहर में आई बाढ़ के कारण राजनांदगांव मार्ग बंद किया गया था। शाम तक जलस्तर में और बढ़ोतरी होने के कारण बालोद रोड भी ब्लाक कर दिया गया है। आवाजाही रोक दी गई है। आज शाम 6 बजे शिवनाथ नदी में आई बाढ़ का पानी और ज्यादा भरने के कारण मिनीमाता चौक के करीब ही बेरिकेडिंग लगाकर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। सुबह से हो रही लापरवाही के कारण कई लोग नदी तट के पास बेरिकेडिंग क्रास कर सेल्फी लेने और पानी के तेज बहाव में जंप कर रहे थे। इसके कारण हादसे होने का खतरा बढ़ गया था। द सीजी न्यूज में इस संबंध में समाचार प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी से व्यवस्था चुस्त दुरुस्त कर ली है।

प्रभावित लोगों से मुलाकात करने पहुंचे कलेक्टर, निगम कमिश्नर 

बाढ़ के कारण उपजे हालात का जायजा लेने दोपहर तक बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचे थे। केवल विधायक अरुण वोरा ही मौके पर पहुंचे और प्रभावित लोगों को भोजन के पैकेट का वितरण किया। दोपहर बाद कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा और निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। कलेक्टर ने उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद विभागीय अधिकारियों को प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिये। जिन मकानों को नुकसान हुआ है, उनका सर्वे कर उचित मुआवजा देने के निर्देश भी दिये गए।

शाम 7 बजे विधायक अरुण वोरा दोबारा प्रभावित परिवारों के लिए भोजन के पैकेट लेकर पहुंचे और भोजन का वितरण किया। विधायक वोरा ने कहा है कि प्रभावित परिवारों के मकानों में रखा अनाज व अन्य सामग्री बाढ़ के पानी में डूबने के कारण नुकसान हुआ है। उन्हें पुलगांव स्थित पानी टंकी के पास बने सांस्कृतिक भवन में ठहराया गया है। इन परिवारों के लिए सुबह के नाश्ते आदि की व्यवस्था भी की जाएगी। गौरतलब है कि वोरा के निर्देश पर आज दोपहर के समय भोजन की व्यवस्था की गई थी। कलेक्टर से चर्चा के बाद वोरा ने बताया कि कलेक्टर ने प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिये हैं। प्रभावित परिवारों को शासन से उचित मदद दी जाएगी।

इधर, निगम कमिश्नर ने पुलगांव पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात की और चारों ओर बाढ़ का पानी भरने के बावजूद सेल्फी लेने वाले नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की। कमिश्नर ने पुलगांव में रहने वाले नागरिकों से जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी। कमिश्नर के निर्देश पर वार्ड 55 नदी के पास ठाकुर होटल के पीछे रहने वाले प्रभावित 13 परिवारों के 45 से अधिक लोगों को शिव मंदिर के पास सांस्कृतिक भवन में ठहराया गया है। प्रभावित परिवारों को भोजन, दवाई सहित अन्य सामग्री की व्यवस्था की जा रही है। निगम प्रशासन द्वारा यहाँ भोजन के पैकेट भी बांटे गए। निगम कमिश्नर के साथ भवन अधिकारी गिरीश दीवान, जावेद अली, उपअभियंता विनोद मांझी, पार्षद हेमेश्वरी निषाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर समस्याओं को सुना।

निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए रात का भोजन जल्द पहुंचाएं। उन्होंने बेरिकेडिंग क्रांस कर सेल्फी लेने वालों को रोकने के निर्देश दिये। नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बाढ़ की स्थिति में सेल्फी लेना खतरनाक हो सकता है। कमिश्नर ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को 24 घण्टे अलर्ट रहने कहा है।

Check Also

सेवा संकल्प अभियान : भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ का मेगा हेल्थ कैंप आज

THE CG NEWS दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!