द सीजी न्यूज
दुर्ग। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर मध्य ब्लॉक कांग्रेस दुर्ग के अध्यक्ष अलताफ अहमद ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। अलताफ ने कहा है कि पीएम मोदी ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर पूरे देश से वादा किया और सत्ता हासिल कर ली। सत्ता हासिल करने के बाद मोदी सरकार ने वादाखिलाफी करते हुए महंगाई और बेरोजगारी बढ़ा दी। भाजपा को अगर विरोध जताना है तो वे पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करें। छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर सबसे कम है। भूपेश सरकार के विरोध में भाजपा का धरना प्रदर्शन पूरी तरह हास्यास्पद है।
अलताफ ने कहा कि केंद्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा ने सभी नागरिकों के खाते में 15 लाख रुपये डालने, 100 दिन में महंगाई कम करने, दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष देने का वादा किया था, लेकिन इनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। मोदी सरकार द्वारा जिस प्रकार से महंगाई बढ़ाकर आम जनता की आर्थिक स्थिति को बद से बदतर बनाया जा रहा है, उससे एक बार फिर साबित हो गया है कि भाजपा की नीतियां पूरी तरह जनविरोधी हैं। भाजपा नेताओं को जनता की बजाय उद्योगपतियों की चिंता है।
अलताफ ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी भाजपा का वादा खिलाफी का इतिहास रहा है। 2003 में सत्ता हासिल करने भाजपा ने प्रदेश के बेरोजगारों को 500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने और किसानों को एक हजार रुपया महीना पेंशन देने का वादा किया था। 15 साल सत्ता में रहने के बाद भी इस वादे को पूरा नहीं किया गया। इधर केंद्र सरकार पिछले 8 साल से लगातार महंगाई बढ़ा रही है। आवश्यक उत्पादों पर जीएसटी लगाया जा रहा है। इससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
अलताफ ने कहा कि भाजपा ने 2014 के आम चुनाव से पहले जनता से महंगाई कम करने का वादा करते हुए वोट बटोरे और सरकार बना ली। केंद्र सहित कई राज्यों में सरकार बनाने के बाद भाजपा ने जनता को सरेआम धोखा दिया। महंगाई कम करने की बजाय दिनोंदिन बढ़ रही है। केंद्र सरकार ने दूध उत्पादों पर जीएसटी भी लगा दिया है, जिससे इसकी कीमतें बढ़ रही हैं। मोदी सरकार इतनी नाकाम सरकार है कि ट्रेनों को भी नियमित रूप से नहीं चला पा रही है, सैकड़ों ट्रेनें रद्द की जा चुकी हैं। आजाद भारत के इतिहास में ऐसा पहले किसी भी सरकार के कार्यकाल में नहीं हुआ।
बेरोजगारी को लेकर भाजपा के प्रदर्शन पर अलताफ ने कहा कि छत्तीसगढ़ पूरे देश में सबसे कम बेरोजगारी दर वाला राज्य है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग के हितों के लिए फैसले लिये हैं। किसानों की कर्जमाफी और 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के ऐतिहासिक निर्णय से प्रदेश के लाखों किसानों के चेहरे खिले हैं। गांवों से पलायन करने वाले ग्रामीण और खेतों से दूर हो रहे किसानों का रुझान खेती की ओर फिर से बढ़ा है। कृषि प्रधान राज्य में गांव-गांव में युवा अपने खेतों में दो चक्र की फसल उगा रहे हैं। 50 से ज्यादा वनोपज की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने से आदिवासी युवाओं की आमदनी बढ़ी है।
अलताफ ने कहा कि बड़ी तादाद में विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती से युवाओं को रोजगार मिला है। जितने रोजगार के अवसर तीन साल के कार्यकाल में भूपेश सरकार ने उपलब्ध कराए हैं, उतने रोजगार के अवसर 15 साल के शासनकाल में नहीं मिले। भाजपा के 15 साल के शासनकाल में न सिर्फ युवाओं और किसानों व आदिवासियों के साथ बल्कि राज्य के हर वर्ग के साथ धोखा हुआ है। इसी का नतीजा है कि आम जनता ने भाजपा को करारी शिकस्त दी है और भूपेश सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों और नीतियों से अगले साल होने वाले चुनाव में भी भाजपा की करारी शिकस्त होगी, यह तय है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
