- शाखा प्रबंधकों की सुनी समस्याएं त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
द सीजी न्यूज
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक, छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने शुक्रवार को स्टेट वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के विभागीय कार्यों की समीक्षा की। एमडी एसएन राठौर की मौजूदगी में कई शाखा प्रबंधकों ने ऑपरेशनल दिक्कतों की जानकारी दी। बारिश के दौरान गोडाऊन में भंडारण किये गए अनाज में कीड़े लगना व कीट युक्त स्कंध आने की एकतरफा जवाबदारी तय ना करने का आग्रह करते हुए शाखा प्रबंधकों ने ग्राउंड लेवल पर आने वाली तकनीकी दिक्कतों से वोरा को अवगत कराया।
कई प्रबंधकों ने बताया कि समय पर मुख्यालय से मार्गदर्शन प्राप्त नहीं हो पाता है। निर्माण राशि की सुलभता और लॉस गेन में कटौती संबंधित दिक्कतों के बारे में बताया गया। निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने समस्याएं सुनने के बाद कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शाखा के संचालन के लिए आवश्यक इम्प्रेस्ट और निर्माण राशि के सभी अटके हुए भुगतान तत्काल जारी किए जाएं। इन्टरनेट, झाड़ू, सुतली, स्टेशनरी, लाइट आदि की व्यवस्था के साथ ही संचालन में अतिरिक्त व्यय का नियमानुसार समय पर भुगतान सुनिश्चित होना चाहिए।
शाखा प्रबंधकों के पत्र व्यवहार पर त्वरित कार्यवाही हो साथ ही मुख्यालय के साथ प्रत्येक ब्रांच का समन्वय स्थापित कर लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिये। बरसात के मौसम को देखते हुए कीटनाशक की कमी ना होने देने और स्प्रेयर आदि की मरम्मत के साथ ही आवश्यक होने पर तत्काल खरीदी की व्यवस्था करने भी कहा। उन्होंने कहा कि अन्न का एक-एक दाना ना सिर्फ किसान भाइयों की कड़ी मेहनत का नतीजा है, बल्कि पीडीएस के माध्यम से हमें कीट मुक्त स्कंध उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी का भी निर्वहन करना है। वोरा ने कर्मचारियों की मांगों पर विशेष ध्यान देने और भुगतान का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

