द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने आज अपने निवास कार्यालय से राजधानी में विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त  उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान का वर्चुअल शिलान्यास किया। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग को नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण द्वारा 20 एकड़ भूमि नवा रायपुर के सेक्टर-32 में निःशुल्क आवंटित की गई है। विश्व स्तरीय स्तरीय शिक्षण संस्थान की स्थापना छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट विद्यालय सोसायटी के संचालन में किया जाएगा। उत्कृष्ट विद्यालय सोसायटी के अध्यक्ष मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री इसके उपाध्यक्ष होंगे। सोसायटी में सदस्य सचिव व अन्य सात सदस्य नियुक्त किये गये हैं।

विश्व स्तरीय आवासीय शिक्षण संस्थान में कक्षा 6वीं से 12 वीं तक कुल 700 छात्र-छात्राओं के लिए विकसित किया जाएगा। परिसर का निर्माण विकास दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में कुल 200 छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक आवासीय परिसर में  एकेडमिक बिल्डिंग और  लेबोरेट्री, एडमिन बिल्डिंग, डाइनिंग हॉल, हॉस्टल, इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, स्वीमिंग पुल, हॉर्स राइडिंग, प्लेग्राउंड, प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल बंगले का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में ऑडिटोरियम, स्कूल की पूर्ण क्षमता अनुसार छात्र और छात्राओं के लिए हॉस्टल और  स्टॉफ क्वार्टर्स का विकास किया जाएगा। उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान परिसर परियोजना के प्रथम चरण निर्माण हेतु सोसायटी द्वारा 49.52 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, कृषि, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविंद्र चौबे, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ आलोक शुक्ला, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ एस भारती दासन, विशेष सचिव कृषि डॉ.अयाज़ तंबोली, समग्र शिक्षा प्रबंध संचालक नरेन्द्र दुग्गा, एनआरडीए की सीईओ किरण कौशल व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।