कवर्धा। अविवादित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में विलंब करना तहसील सहसपुर लोहारा में पदस्थ चार पटवारियों को भारी पड़ा। उनका पंडरिया तहसील में तबादला कर दिया गया। तहसील कार्यालय में आयोजित राजस्व शिविर में पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में विलंब को लेकर नाराजगी जताई थी।

राजस्व शिविर में कैबिनेट मंत्री ने वहां उपस्थित जन समुदाय से अपनी समस्याएं बताने कहा था। उन्होंने कार्यक्रम के बीच में माइक पहुंचवाकर अपनी-अपनी समस्याओं को सार्वजनिक तौर पर बताने कहा। लंबित राजस्व प्रकरणों के आवेदकों ने मंत्री के समक्ष अपने प्रकरणों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रकरण निराकृत करने में विलंब किया जा रहा है। इस पर मंत्री मोहम्मद अकबर ने उन प्रकरणों का निराकरण तत्काल करने के निर्देश दिये। लोगों ने पटवारी हर्षवर्धन मोटघरे, हितेश शर्मा, नन्दुराम राडेकर, सोमेश्वर सिंह ठाकुर के नाम लेकर उनकी कार्यशैली पर शिकायत की थी।
राजस्व शिविर में पटवारियों की कार्यशैली को लेकर अकबर की नाराजगी के अगले ही दिन कलेक्टर कबीरधाम जनमेजय महोबे ने तहसील सहसपुर लोहारा के अंतर्गत पदस्थ पटवारी हर्षवर्धन मोटघरे हल्का नं. 12, सोनझरी को तहसील पंडरिया अंतर्गत हल्का नं. 01 बदना, पटवारी हितेश शर्मा हल्का नं. 15, कुरूवा को तहसील पंडरिया अंतर्गत हल्का नं. 04 पुटपुटा, पटवारी नन्दुराम राडेकर हल्का नं. 14, सुरजपुरा (जं.) को तहसील पंडरिया अंतर्गत हल्का नं. 14 डालामौहा, पटवारी सोमेश्वर सिंह ठाकुर हल्का नं. 16, कल्याणपुर को तहसील पंडरिया अंतर्गत हल्का नं. 05, भेलकी में स्थानांतरित कर दिया।