द सीजी न्यूज

बीते कुछ दिनों से दुर्ग शहर में पानी सप्लाई को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। विभिन्न वार्ड के नागरिकों एवं पार्षदों से शिकायत मिलने पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल ने मौके पर जा कर वस्तुस्थिति का निरीक्षण किया एवं जिम्मेदार अधिकारियों की क्लास लगाई।
आपको बता दें कि हर दिन किसी न किसी कारण से पानी सप्लाई प्रभावित हो रही है। डीएमएफ से स्वीकृत 1.6 करोड़ के पंप अभी तक नहीं लगाए जा सके हैं। बार-बार इंटकवेल में कचरा जमने और जलकुंभी जमा होने की वजह नाला डायवर्सन का अधूरा काम है। जवाहर नगर में कुछ दिनों से नलों में पानी का प्रेशर कम होने से वार्ड 17 , 18 के निवासियों ने विधायक व महापौर के समक्ष रोष प्रकट किया। वोरा ने जल विभाग के अधिकारियों को बुलाकर पूछताछ की।
अधिकारियों ने बताया कि बार-बार इंटकवेल में कचरा आने से नदी से ओवरहेड टँकी में पानी भरपूर नही पहुँच पाता है, जिससे घरों में जाने वाले पानी का प्रेशर कम होता है। कम समय के लिये नल खुलने की समस्या भी आ रही है। पूर्व में लगाए गए मोटर पंप की कैपेसिटी कम होने के कारण भी समस्या हो रही है। नए मोटर पम्प लगने से टँकियो को भरपूर पानी मिलेगा। टेंडर हो चुके हैं। मोटर स्थापित होने के बाद ही पानी सप्लाई बेहतर होगी।
वोरा ने कहा कि जल्द मोटर लगवाये और निगम प्रशासन जिम्मेदारी से जनता को जल्संकट से मुक्ति दिलाए। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा की गई किसी भी लापरवाही के लिए जनता को परेशानी ना होने पाए। इसके लिए ठोस कदम तत्काल उठाए जाएं। तांदुला और खरखरा डेम से शहर के लिए पर्याप्त पानी की आपूर्ति की गई है। नाला डायवर्सन के काम में भी तेजी लाने कहा गया। ताकि, बार-बार कचरा जमा होने की स्थिति उत्पन्न न हो। इस दौरान जल कार्य प्रभारी संजय कोहले, पार्षद देवनारायण चंद्राकर, निर्मला साहू, भोला महोबिया, नारायण ठाकुर, भीम राव, एल्डरमैन राजेश शर्मा मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
