द सीजी न्यूज
भिलाई। कर्बला में हक के लिए अपनी कुर्बानी देने वाले शहीदों की याद में एक से 10 मुहर्रम यानी 20 जुलाई गुरुवार से 29 जुलाई शनिवार तक कई आयोजन होंगे। मुहर्रम के आयोजन से पहले से ही अलग-अलग अंजुमनों में तैयारियां शुरू हो गईं। शिया समुदाय के इमामबाड़ों में भी मोहर्रम की तैयारियां शुरू हो गई है।
शहर के विभिन्न हिस्सों में कायम अंजुमनों ने करबला के शहीदों की याद में अलम (झंडा) लगाया और 10 रोज के मुहर्रम की शुरुआत की। इसी तरह अखाड़ों में करतब के लिए अभ्यास शुरू हो गए हैं। ताजियेदार इस साल भी अपने-अपने ताजिये बनाने में जुट गए हैं। इस बार शहर में उत्तर प्रदेश-बिहार से कारीगर आए हैं, जो आकर्षक और कलात्मक ताजिए बना रहे हैं।
मुहर्रम के मौके पर अंजुमन हुसैनिया कमेटी की ओर से इमामबाड़ा जोन 1 सड़क 20, खुर्सीपार भिलाई में हर साल की तरह इस बार भी कई आयोजन होंगे।
गुरुवार 20 जुलाई से शुक्रवार 28 जुलाई तक रोजाना रात 9 बजे से यहां तकरीर होगी। यहां मुफ़्ती मुकर्रिरे खुसूसी हजरत अल्लामा मौलाना कलीमुल्लाह खान रिज़वी इलाहाबाद प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तकरीर करेंगे।
अंजुमन कमेटी के सदर हुसैन अली अशरफी ने बताया कि इस साल पैगंबर हजरत मुहम्मद के वंशज आले नबी औलादे अली फर्जंद ए गौसे आजम हुजूर हजरत सैयद आलमगीर अशरफ अशरफी उल जिलानी भी 8 मुहर्रम बरोज गुरुवार 27 जुलाई को शिरकत करेंगे और महफिल से खिताब करेंगे।
2 मुहर्रम यानी 21 जुलाई बरोज जुमा (शुक्रवार) को दोपहर 2 बजे पौधारोपण किया जाएगा। 5 मुहर्रम 24 जुलाई बरोज सोमवार दोपहर 2 बजे आलिमा की तकरीर होगी, जिसमें 8 वीं, 10वीं और 12 वीं में 60 फीसदी से ज्यादा अंक लाने वाली बेटियों का इस्तकबाल किया जाएगा। 7 मुहर्रम 26 जुलाई बरोज बुधवार को सुबह 10 बजे शासकीय अस्पताल सुपेला में मरीजों को फल वितरण किया जायेगा। 8 मुहर्रम 27 जुलाई बरोज गुरुवार को मुस्लिम समाज की बेहतरी के लिए अपना विशिष्ट योगदान दे रहे लोगों और संस्थाओं का इस्तकबाल किया जाएगा।
अंजुमन कमेटी के सदर हुसैन अली अशरफी ने बताया मुहर्रम का यह आयोजन विगत 29 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। रोज सुबह 8 बजे कुरानखानी होगी। मुहर्रम की दसवीं तारीख यौमे आशूरा के दिन दोपहर 2 बजे खास दुआ मदनी मस्जिद खुर्सीपार में की जाएगी। अंजुमन हुसैनिया कमेटी खुर्सीपार भिलाई के कमालुद्दीन अशरफी, मुश्ताक अली, गुलाम नबी, बशीर अली, हाजी अख्तर अली, अशफाक अहमद मंसूरी, कुद्दूस मोहम्मद, इरफान अली, अकबर अली, इमदाद अली, अलाउद्दीन मंसूरी, मोहम्मद रफीक, शेरे बशीर और जैनुल आबेदीन ने अकीदतमंदों से ज्यादा से ज्यादा तादाद में मौजूदगी की अपील की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

