- 15 दिवस के भीतर एसडीएम कार्यालय में जानकारी या लिखित सूचना आमंत्रित
द सीजी न्यूज
दुर्ग / जिले के महामाया केडिया रोड पत्थर खदान कुम्हारी में सड़क दुर्घटना के संबंध में दण्डाधिकारी जांच प्रारंभ हो गई है। 9 अप्रैल 2024 को रात 8.10 बजे महामाया पारा केडिया पत्थर खदान कुम्हारी में केडिया डिस्टलरी कंपनी की बस क्रमांक सीजी 07 सी 7783 के पत्थर खदान में गिरने से बस में बैठे 12 लोगों की मृत्यु हो गई। कलेक्टर व जिला दण्डाधिकारी द्वारा उक्त घटना के कारणों की दण्डाधिकारी जांच हेतु अनुविभागीय दण्डाधिकारी भिलाई-3 को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी भिलाई-3 महेश सिंह राजपूत द्वारा घटना की दण्डाधिकारी जांच प्रारंभ कर दी गई है।
जांच के तहत पता किया जाएगा कि सड़क दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई ? क्या घटना के तत्काल बाद मृतकों और घायलों को पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था सुविधा उपलब्ध कराई गई ? सड़क दुर्घटना के इस घटना के लिए कोई जिम्मेदार तो नहीं है ? अन्य बिन्दु जो जांच अधिकारी उचित समझे ? इस दुर्घटना की पुनरावृत्ति न होने देने के संबंध में आवश्यक सुझाव ? उक्त घटना के संबंध में जिस किसी व्यक्ति को जानकारी या लिखित सूचना देनी हो तो वे समाचार प्रकाशन के दिनांक से 15 दिनों के भीतर अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय भिलाई-3 में उपस्थित होकर जानकारी या लिखित सूचना दे सकते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal