द सीजी न्यूज
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अय्यूब खान ने कहा है कि छत्तीसगढ़ पिछले 9 महीनों से भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में गंभीर संकट से गुजर रहा है। अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है और महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गए हैं। हाल की घटनाएं जैसे बलौदा बाजार में निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी, कांग्रेस विधायक सहित प्रदेश कई कांग्रेसी नेताओं की अन्यायपूर्ण गिरफ्तारी, कवर्धा में साहू समाज के तीन युवाओं की दुर्भाग्यपूर्ण मौत सरकार की विफलता को उजागर करती हैं। शांति का टापू कहा जाने वाला छत्तीसगढ़ अब अपराध का गढ़ बन गया है। आए दिन अपराध के नए-नए किस्से सुनने और देखने को मिलते हैं। सरकार की गूंगी-बहरी भूमिका से आम जनता का भरोसा टूट गया है।
अय्यूब खान ने कहा कि इन्हीं घटनाओं और विफलताओं के खिलाफ आवाज़ उठाने और प्रदेश में पुनः सामाजिक समरसता और शांति स्थापित करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने ‘छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा’ की शुरुआत की गई है। छह दिन की पदयात्रा 125 किमी का सफर तय करते हुए 2 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान में समाप्त होगी। यात्रा का मुख्य मकसद है जनता को न्याय दिलाना और राज्य में कानून-व्यवस्था की बहाली सुनिश्चित करना।
अय्यूब खान ने बताया कि गिरौदपुरी की तपोभूमि से न्याय यात्रा का आगाज़ किया गया है। बाबा गुरु घासीदास जी के आशीर्वाद और तिरंगे को सलामी देकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने यात्रा की शुरुआत की। यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वरिष्ठ नेता टीएस बाबा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी जन संपत कुमार, एस जरिता, विजय जांगिड, राज्यसभा सदस्य फूलो देवी नेताम, विधायक संदीप साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, विकास उपाध्याय, अनिला भेड़िया, प्रभारी संगठन मलकीत सिंह गेंदू सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, सेवादल, ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई व प्रदेश भर के कांग्रेस विधायक शामिल हुए।
अय्यूब ने बताया कि स्वाभिमान और बलिदान की भूमि सोनाखान में वीर नारायण सिंह को स्मरण किया गया। वहां से शुरू हुई यात्रा में जनता का भारी समर्थन देखा गया। यात्रा के रास्ते में कांग्रेस नेताओं ने लोगों से संवाद भी किया और उन्हें भाजपा के कुशासन के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा शासन पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है और अपराधों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।
अय्यूब खान कहा, “यह यात्रा न केवल न्याय की मांग है, बल्कि प्रदेश में शांति और समरसता की वापसी की एक पहल है। हमें जनता का जो समर्थन मिला है, उससे साफ है कि छत्तीसगढ़ न्याय चाहता है।” उन्होंने यात्रा में शामिल होने वाले हजारों लोगों को धन्यवाद दिया और सभी से अपील की कि वे इस यात्रा में जुड़ते रहें। जनता के उत्साह से यह साफ हो गया कि आने वाले दिनों में यह न्याय यात्रा और भी बड़ा जनांदोलन बनेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

