द सीजी न्यूज
दुर्ग। शिवनाथ नदी इंटकवेल में कचरा फंसने से पेयजल बाधित होने की समस्या अब नहीं होगी। जल्द ही पोंड मशीन से जलकुम्भी की सफाई की जाएगी। शहर विधायक गजेंद्र यादव के अथक प्रयासों से शासन ने दुर्ग निगम को मशीन खरीदने अनुमति दे दी है। आधुनिक मशीन के आने से नदी व तालाब के ऊपरी सतह पर सभी प्रकार के खरपतवार को आसानी से निकाला जा सकेगा। ऐसी मशीन का प्रयोग जम्मू में डल झील और हैदराबाद के हुसैन सागर में पानी को साफ रखने खरपतवार निकालने के लिए उपयोग में लाया जाता है।
नालो में भारी मात्रा में उगे हुए जलकुम्भी से बारिश का पानी का प्रवाह रुक जाता है। इससे पानी उफनकर अन्यत्र फैलता है। दुर्ग निगम के इंटकवेल के पास साईफन में जलकुम्भी फंसने से पंपहाउस से शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति बाधित होती है। लगातार या अत्यधिक वर्षा होने पर हर साल यह स्थिति होती है। शहर की इस बड़ी समस्या से जनता को निजात दिलाने विधायक गजेंद्र यादव लगातार जुटे रहे।
जलकुम्भी की बड़ी समस्या से निजात दिलाने दुर्ग निगम को एक्यूटिक विड हार्वेस्टर मशीन खरीदने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। एक दिन पूर्व ही शासन ने मशीन खरीदने डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है।
प्रदेश का पहला पोंड क्लीनर मशीन
जलकुम्भी और पानी के ऊपरी सतह से खरपतवार निकालने आधुनिक पोंड मशीन प्रदेश के किसी निकाय में अब तक नहीं है। पहली बार दुर्ग निगम को यह मशीन खरीदने की अनुमति विधायक गजेंद्र यादव के प्रयास से मिली है। शिवनाथ नदी किनारे जलकुम्भी से पटे हुए एरिया की इस मशीन से सफाई होगी। बरसात के सीजन में पेयजल आपूर्ति में रूकावट नहीं होगी और नागरिकों को पेयजल की सप्लाई होती रहेगी। नालो और तालाबों से भी जलकुम्भी और खरपतवार को निकालने के लिए मशीन का उपयोग किया जा सकेगा।