- 15 अक्टूबर तक दुर्ग में रहेंगे
- हर ब्लॉक में लेंगे बैठक : नेता, कार्यकर्ता और अध्यक्ष प्रत्याशियों से वन टू वन करेंगे चर्चा
द सीजी न्यूज
दुर्ग। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में अध्यक्षों के चुनाव के लिए कांग्रेस हाई कमान ने 17 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस, दुर्ग शहर कांग्रेस व भिलाई शहर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्षों के चुनाव के लिये कांग्रेस पर्यवेक्षक यूपी के पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू 4 अक्टूबर को दुर्ग आएंगे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अनिला भेडिय़ा, यू डी मिंज व विक्रम मंडावी भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में जिले के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष गया पटेल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 4 अक्टूबर को कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू दोपहर 12:30 बजे दुर्ग के राजीव भवन पहुंचेंगे। कांग्रेस पर्यवेक्षक दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी और दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक पदाधिकारी, व सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय कुमार दोपहर 3 बजे राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। स्थानीय सामाजिक, सामुदायिक समूहों और प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ वार्ता भी करेंगे। 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे भिलाई शहर जिला कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस पर्यवेक्षक शामिल होंगे। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ जन, कांग्रेस के निर्वाचित विधायक, पूर्व सांसद, विधायक व प्रत्याशी सहित जिला व सभी मोर्चा प्रकोष्ठों के प्रमुख, ब्लॉक अध्यक्ष व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे ।
दोपहर 12:15 बजे भिलाई में पत्रकार वार्ता होगी, जिसमें सभी वरिष्ठ नेता उपस्थिति रहेंगे। दोपहर 2 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय भिलाई में स्थानीय सामाजिक, सामुदायिक समूहों और प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ चर्चा की जाएगी। कांग्रेस प्रवक्ता नासिर खोखर ने बताया कि दो दिनों के कार्यक्रम के बाद पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई शहर जिला कांग्रेस के हर ब्लॉक में बैठक लेकर सभी कार्यकर्ताओं से रायशुमारी और अभिमत लेंगे।
इसके लिये ब्लॉकवार बैठकें होगी। 6 और 7 अक्टूबर को भिलाई शहर जिला कांग्रेस के 6 ब्लॉकों की बैठक और वन टू वन रायशुमारी व अभिमत लिया जाएगा। 8 और 9 अक्टूबर को दुर्ग शहर जिला कांग्रेस के सभी ब्लॉकों की बैठक और वन टू वन रायशुमारी और अभिमत लिया जाएगा। 9 अक्टूबर को दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस के पाटन, जामगांव और कुम्हारी ब्लॉक की बैठक होगी और वन टू वन चर्चा की जाएगी। 10 अक्टूबर को दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के अहिवारा और जामुल ब्लॉक की बैठक और कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा की जाएगी। 11 अक्टूबर को दुर्ग ग्रामीण के धमधा और दुर्ग ग्रामीण ब्लॉक की बैठक और कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा की जाएगी।
आवेदन व नामांकन का समय तय
कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू की मौजूदगी में 12 अक्टूबर को दुर्ग शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के लिए राजीव भवन दुर्ग में नामांकन फार्म जमा किये जाएंगे। प्रत्याशियों से वन टू वन मुलाकात की जाएगी। 13 अक्टूबर को दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष के लिए राजीव भवन दुर्ग में नामांकन जमा किये जाएंगे और प्रत्याशियों से मुलाकात करेंगे। 14 अक्टूबर को भिलाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के लिए भिलाई कार्यालय में आवेदन नामांकन जमा किये जाएंगे। इसके बाद प्रत्याशियों से मुलाकात करेंगे।