- ओड़गी में सड़क एवं पुलिया निर्माण का किया औचक निरीक्षण
- गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए पुनः निर्माण और कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
द सीजी न्यूज
रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के धरसेड़ी-कर्री-कुप्पी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सड़क और पुलिया का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने नव-निर्मित सड़क की गुणवत्ता, सामग्री के उपयोग व संपूर्ण निर्माण प्रक्रिया का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। निरीक्षण में पता चला कि सड़क के कई हिस्सों में निर्माण मानकों का पालन नहीं किया गया है और कार्य अभी भी अधूरा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को मानक गुणवत्ता के साथ पूरे मार्ग का दोबारा निर्माण कराने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें आमजन की जीवनरेखा हैं, जिस पर आवागमन, एम्बुलेंस सुविधा, बच्चों की स्कूल पहुँच और आवश्यक सेवाओं की निर्भरता होती है। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, ओड़गी क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
