- सुकमा पुनर्वास केंद्र पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
- उपमुख्यमंत्री ने पुनर्वासित युवाओं के लिए मेडिकल कैम्प लगाने के दिए निर्देश
द सीजी न्यूज
सुकमा। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा ने आज शाम सुकमा में बनाये गए पुनर्वास केन्द्र में आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं के साथ चौपाल लगाकर उनसे बात की। इस दौरान पुनर्वासित युवाओं ने अपनी बातों को उपमुख्यमंत्री के सामने रखा। उपमुख्यमंत्री खुद भी युवाओं के जमीन पर साथ बैठे और आत्मीय चर्चा की। उपमुख्यमंत्री से सभी ने अपने मन की बातें बिना संकोच के उनके समक्ष रखी।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने युवाओं से संवाद करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में आधारभूत व्यवस्थाओं के संबंध में युवाओं से सीधे जानकारी भी ली और अधिकारियों को उनके खाने और अन्य आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने युवाओं से शिक्षा और खेती और उनके परिवार सदस्यों से मुलाकात के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और पुनर्वासित युवाओं से कहा कि आपके परिजन यदि पुनर्वास केन्द्र में आकर मुलाकात करना चाहते हैं और यदि बाजार वाले दिन आकर जब भी मिलना चाहें तो उनसे मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी पुनर्वासित युवा के परिवार जेल में निरूद्ध हैं और युवा उनसे मिलना चाहें तो उसकी भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने युवाओं में से यदि कोई विवाह की इच्छा भी रखते हैं तो उनके लिए भी सामूहिक विवाह की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुनर्वासित युवाओं ने अपने मूलभूत दस्तावेज पूर्ण ना होने की जानकारी दी। जिसपर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने तुरंत जिला प्रशासन के अधिकारियों को दस्तावेज बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं अधिकारियों के साथ बैठकर दस्तावेज निर्माण प्रक्रिया का निरीक्षण किया और दिक्कतें आने पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर उनका निराकरण भी किया। आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड आदि बनवाने के लिए आवेदन कराए गए। उन्होंने युवाओं को विधानसभा सत्र के दौरान रायपुर भ्रमण कराकर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें कार्यप्रणाली से अवगत कराने और इनके लिए पुनर्वास केंद्र में ही विशेष स्वास्थ्य शिविर लगवाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
सुकमा के पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में पुनर्वासित युवाओं को राज मिस्त्री, कृषि उद्यमी, सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही पुनर्वास नीति के अनुसार उन्हें दीर्घकालिक रोजगार दिलाने हेतु सहायता भी दी जा रही है। इस अवसर पर एडीजी विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, एसपी किरण चव्हाण, अपर कलेक्टर गजेंद्र सिंह ठाकुर व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
