द सीजी न्यूज
राजनांदगांव। बच्चों को उकसाकर छुरिया बस्ती में चक्काजाम कराने के कारण छुरिया विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल कुर्मदा चारभाठा में संलग्र सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला विज्ञान) रज्जाक कुरैशी को जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने सस्पेंड कर दिया है। प्रभारी प्राचार्य योगेश साहू और व्याख्याता (वाणिज्य) मनीषा सहारे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला विज्ञान) रज्जाक कुरैशी पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी व हिन्दी माध्यम शाला छुरिया के पदस्थ थे। उनके द्वारा लेखा शास्त्र का अध्यापन कार्य कराया जा रहा था, जबकि संस्था में वाणिज्य के दो शिक्षक पदस्थ है। जनप्रतिनिधियों की शिकायत के आधार पर सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला विज्ञान) रज्जाक कुरैशी का निकटतम शासकीय हाई स्कूल कुर्मदा चारभाठा में संलग्नीकरण किया गया था। रज्जाक कुरैशी द्वारा बच्चों को उकसाकर छुरिया बस्ती में चक्काजाम कराया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल के निर्देश पर प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा चक्काजाम स्थल पर पहुंचकर बच्चों को समझाया गया और वापस शाला भेजा गया। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी व हिन्दी माध्यम शाला छुरिया पहुंचकर अन्य शिक्षकों को आवश्यक समझाइश दी गई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal