द सीजी न्यूज
भिलाई। नगर निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने महापौर नीरज पॉल और शहर की सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि बीते साढ़े चार साल के दौरान विकास कार्यों से लेकर सफाई, पेयजल व्यवस्था और प्लाट बेचने के मामलों में बड़ा भ्रष्टाचार किया गया। शासन के नियमों को ताक पर रखकर शहरवासियों से ज्यादा यूजर चार्ज वसूल किया गया। अलग-अलग तरीके से करोड़ों रुपए लूटे गए। शहर के समग्र विकास के लिये प्लान भी नहीं बनाया गया। सिर्फ भ्रष्टाचार और प्लाट ऑक्शन की लूटखसोट चलती रही।
भोजराज ने कहा कि अगले निगम चुनाव से पहले भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और कांग्रेस की शहर सरकार के घपले-घोटाले उजागर करेंगे। उन्होंने निगम कमिश्नर राजीव पांडेय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भिलाई के निगम कमिश्नर राजीव पांडे को आम जनता और जनप्रतिनिधियों से जुड़े नगर निगम जैसी संस्था में काम नहीं करना चाहिये। वे जनप्रतिनिधियों के फोन रिसीव नहीं करते। उन्हें फॉरेस्ट विभाग या किसी दूसरे विभाग में काम करना चाहिये।
भोजराज सिन्हा ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था के नाम पर चार साल में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार किया गया। पानी की किल्लत होने के बावजूद महापौर ने टेंडर प्रक्रिया रोक दी। चार साल के कार्यकाल में हर साल करोड़ों का घोटाला किया गया है। कांग्रेस की शहर सरकार ने जनता के हित में काम नहीं किये, बल्कि आम जनता को केवल लूटने का काम किया गया है। नगर निगम का एक भी स्कूल न होने के बावजूद शिक्षा उपकर के नाम पर साढ़े चार करोड़ रुपए टैक्स वसूल किया गया। जब स्कूल ही नहीं है तो शिक्षा उपकर की राशि जनता से क्यों ली गई। इसी तरह यूजर चार्ज को कई गुना बढ़ाकर वसूल किया गया।
भोजराज सिन्हा ने कहा कि कोविड काल में जोन 1 में साढ़े तीन हजार लोगों को नोटिस जारी की गई, लेकिन कार्रवाई किसी पर भी नहीं हुई। नोटिस भेजकर करोड़ों रुपए की अवैध वसूली की गई। आम जनता को जनहित से जुड़ी सुविधाएं देने का काम नहीं किया गया। सिर्फ अवैध वसूली का खेल किया गया। भिलाई में जो लोग समय पर टैक्स जमा नहीं कर पाए, उनसे अधिभार के साथ पैनल चार्ज भी वसूल किया गया। कांग्रेस की परिषद ने केवल जनता को लूटने का काम किया है।
भोजराज सिन्हा ने महापौर को चुनौती देते हुए कहा कि महापौर सारे आरोपों के मामले में चाहें तो जनता के बीच आकर खुली बहस कर लें। शहरवासियों के सामने दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। सुपेला के घड़ी चौक पर या किसी भी सार्वजनिक स्थल पर महापौर आ जाएं और हम भी दस्तावेज लेकर आएंगे। आरोपों से संबंधित सारे दस्तावेज उपलब्ध हैं।
नेता प्रतिपक्ष सिन्हा ने कहा कि महापौर का यह कहना उचित नहीं है कि कमिश्नर किसी की नहीं सुनते। निर्वाचित जनप्रतिनिधि को अधिकारियों से काम लेना आना चाहिये। महापौर अगर निगम कमिश्नर या अधिकारियों के काम न करने की शिकायत कर रहे हैं तो इसका मतलब है कि प्रथम नागरिक के पास कमिश्रर या अधिकारियों से काम कराने की योग्यता नहीं है। आम जनता ने महापौर को चुना है। पार्षदों को चुना है। महापौर का यह दायित्व है कि शहर हित में प्लान बनाएं और अधिकारियों से योजना का क्रियान्वयन कराएं।
आगामी चुनाव में भाजपा की जीत की संभावनाओं के सवाल पर भोजराज सिन्हा ने कहा कि वर्तमान निगम परिषद की मनमानी, भ्रष्टाचार के साथ-साथ जनता से लूटे गए शिक्षा उपकर, ज्यादा यूजर चार्ज वसूली और नोटिस के नाम पर लूटखसोट को भिलाई की जनता ने भुगता है। चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। भाजपा कार्यकर्ता चुनावी समर के दौरान कांग्रेस परिषद के भ्रष्टाचार और लूटखसोट को एक-एक घर तक लेकर जाएंगे। आम जनता ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार और मनमानी को देखा है। इसलिये अगले निगम चुनाव में भाजपा की जीत तय है। भिलाई में भाजपा का महापौर बनना तय है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
