Breaking News

वोट चोरी, चंदा चोरी पर बोले भूपेश – भाजपा ने खो दिया आम जनता का विश्वास

  • भिलाई निगम चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, वार्ड समिति बनाने पर वरिष्ठ नेताओं का जोर
  • चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों पर हुआ मंथन

THE CG NEWS

भिलाई। कांग्रेस ने आगामी भिलाई नगर निगम की चुनावी तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस ने संगठनात्मक और रणनीतिक तैयारियां तेज करते हुए शुक्रवार को स्मृति नगर स्थित विवेकानंद भवन में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। बैठक में नगर निगम चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।

सभी वरिष्ठ नेताओं ने हर वार्ड में एक समिति बनाकर सहमति से प्रत्याशी चयन करने पर जोर दिया ताकि हर वार्ड से एक ही नाम पर सहमति बने। बैठक में एआईसीसी महासचिव व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सीडब्ल्यूसी सदस्य व पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, भिलाई नगर निगम चुनाव के पर्यवेक्षक व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक धनेंद्र साहू, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, भिलाई विधायक एवं एआईसीसी सचिव देवेंद्र यादव और सह-पर्यवेक्षक व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री दीपक दुबे, महापौर नीरज पाल, निगम सभापति बंटी गिरवर साहू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, कमेटी के पदाधिकारी, पार्षद पूर्व पार्षद सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

महापौर नीरज पाल ने स्वागत भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि इस बार फिर से निगम भिलाई में कांग्रेस का झंडा फहराना है। भिलाई निगम की जीत का मैसेज प्रदेश में ही नहीं, पूरे देश तक पहुंचेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिस वार्ड से एक ही प्रत्याशी का नाम आएगा उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी फाइनल कर देगी।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यदि किसी वार्ड से दो तीन नाम आया तो फिर पार्टी तय करेगी और उसे हर कार्यकर्ता को मानना पड़ेगा। इसलिए पूरा प्रयास हो कि एक ही नाम आए। बघेल ने कहा कि बताया कि इस बार चुनाव आयोग ने एक ही ईव्हीएम में वार्ड प्रत्याशी और महापौर दोनों का नाम रख दिया है। इससे कन्फ्यूजन की स्थिति पैदा होगी। इस पर आपत्ति दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने महापौर नीरज पाल को इसका कानूनी पक्ष समझकर उचित कदम उठाने कहा।

पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू ने कहा कि भिलाई निगम का चुनाव काफी महत्वपूर्ण है और यह परीक्षा की घड़ी है। हम पर्यवेक्षक नहीं, साथी और सहयोगी के रूप में कंधे से कंधा मिला कर काम करेंगे। यदि हम संकल्प ले लें तो हमें कोई नहीं हरा सकेगा। उन्होंने कहा कि हर वार्ड में एक समिति बनाई जाए जिसमें परंपरागत कट्टर कांग्रेसियों को शामिल किया जाए।

पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय होने की बात कही। उन्होंने कहा कि भिलाई निगम चुनाव का प्रभाव 7 विधानसभा चुनाव पर पड़ता है। तत्काल  सेक्टर, वार्ड, बूथ स्तर की बैठक की जाए। पूरा प्रयास हो कि टिकट योग्य प्रत्याशी को ही मिले। पिछले चुनाव में जिन्होंने हराने का काम किया उन्हें किसी कीमत पर टिकट नहीं देना है। उन्होंने कहा पार्षद का एक-दो वार्ड हम भले ही हार जाएं लेकिन महापौर को जीताना जरूरी है।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री दीपक दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार वादाखिलाफी कर रही है। उसका माकूल जवाब देने का अवसर आ गया है। यह भिलाई की संस्कृति और गंगा जमुना तहजीब को बचाने की लड़ाई है। वर्तमान सरकार से छात्र, मजदूर, किसान, जन-जन परेशान है। कांग्रेस को जिता कर यह संदेश देना है कि प्रदेश और केंद्र में जनता बदलाव चाहती है। परिवर्तन की शुरुआत भिलाई निगम से करना है।

विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि पिछले 3 साल में भाजपा के सुशासन का बुखार उतर चुका है। भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जीतने वाले कार्यकर्ता को टिकट मिले, जो चुनाव जीत सके। निगम में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। मंच संचालन जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और आभार प्रदर्शन भिलाई महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुभद्रा सिंह ने किया।

Check Also

‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान से घबराई केंद्र सरकार? ‘ ट्रेनों को रद्द करने के केंद्र के फैसले पर वोरा ने किया प्रहार

जनता की परेशानी का जवाब दे रेल मंत्रालय THE CG NEWS दुर्ग। कांग्रेस नेता राहुल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!