
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ में ढाई साल से सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार पर भाजपा नेताओं के आरोपों पर दुर्ग शहर मध्य ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद ने कड़ा प्रहार किया है। अलताफ ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार से ढाई साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड लेना हास्यास्पद है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा किया है। छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाईयां हासिल कर रहा है। छत्तीसगढ़ में भाजपा मुद्दाविहीन हो चुकी है। भाजपा नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
अलताफ ने कहा कि छत्तीसगढ़ के चौमुखी विकास के लिए ढाई साल में कई बड़े फैसले किए गए। लोगों की छोटी-छोटी बुनियादी समस्याओं का निपटारा किया गया। किसानों, युवाओं, मजदूरों समेत सर्वहारा वर्ग के लिए जन कल्याणकारी योजनाएं बनाई गई है। इन कार्यों को छत्तीसगढ़ की जनता देख रही है। जब से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार का गठन हुआ है, तब से छत्तीसगढ़ की जनता के साथ किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है।
किसानों की कर्ज माफी, 25 सौ रुपए समर्थन मूल्य में धान खरीदी, हाफ बिजली बिल, शिक्षा कर्मियों के नियमितीकरण, राजीव गांधी किसान योजना, तेंदूपत्ता के प्रति मानक बोरा 25 सौ से बढ़ा कर 4 हजार प्रति मानक बोरा, गोबर खरीदी, गौठान योजना, युवाओं को रोजगार, मजदूरों को काम, महिलाओं की सुरक्षा जैसे बहुत से जनकल्याणकारी कार्यों को सुचारू रूप से लागू करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार लोगों के विश्वास पर खरा उतरी है।
अलताफ ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा के 15 साल के कुशासन को भी देखा है। 15 साल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में बड़े-बड़े घोटाले और कांड हुए। गर्भाशय कांड, गौशाला कांड, पौधारोपण घोटाला, राशन कार्ड घोटाला,आंख फोड़वा कांड, प्रियदर्शनी बैंक घोटाला, झीरम घाटी कांड, खाद बीज घोटाला, नान घोटाला, शिक्षाकर्मी भर्ती घोटाला जैसे बड़े-बड़े घोटाले को जनता भूल नहीं पाई है। छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को 15 साल सत्ता में बैठाया था, भाजपा ने आम जनता के विश्वास का गला घोंट दिया। जनता के साथ विश्वासघात के कारण अब जनता ने भाजपा को सत्ता से बेदखल किया है।
अलताफ ने कहा कि 2014 में भाजपा ने प्रति वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। 7 वर्ष की सत्ता में 14 करोड़ लोगों को रोजगार मिलना था लेकिन हालत ये है कि रोजगार नहीं मिला, बल्कि करोड़ों लोग बेरोजगार हो गए। हरेक नागरिक के खाते में 15 लाख भी नहीं आए और विदेशी बैंक में जमा काला धन भी नहीं आया। महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। भाजपा नेताओं को जनता से जुड़े इन सवालों का जवाब देना चाहिए। भाजपा के क्रियाकलापों से परेशान होकर जनता ने छत्तीसगढ़ से भाजपा को बेदखल किया था। अब पूरे देश की जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal