
- तन और मन दोनों स्वस्थ होने से हम किसी भी विपरीत परिस्थति का कर सकते हैं सामना : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
- कोरोना-संकट के इस दौर में योग की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज सातवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अपने रायपुर स्थित निवास कार्यालय में प्रातः योग की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को योग दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए योग को अपनी दिनचर्या में अनिवार्य रूप से शामिल करने की अपील की।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संदेश में कहा कि योग हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। नियमित रूप से योग करने वाले हमेशा निरोगी रहते है और कोरोना काल में यह स्पष्ट हो गया है कि केवल धन -संपदा ही महत्वपूर्ण नही है, बल्कि स्वस्थ तन और स्वस्थ मन दोनों की आवश्यकता होती है। तंदुरूस्त रहने के लिए नियमित योग बहुत जरूरी है। हम सब नियमित रूप से योग करें तो तन भी स्वस्थ रहेगा और मन भी स्वस्थ रहेगा। तन और मन दोनो स्वस्थ रहेंगे तो हम किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना-संकट के इस दौर में योग की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ शासन ने वर्चुअल माध्यम से योग के प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की है, इसका लाभ अवश्य उठाएं। तन-मन से चुस्त-दुरुस्त रहकर हम गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सपने को तेजी से साकार कर सकते हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य में वर्चुअल योग मैराथन का आयोजन हुआ। इसमें भाग लेने के लिए 10 लाख से अधिक लोगों ने अपना पंजीयन कराया। वर्चुअल योग मैराथन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अपील पर लाखों लोगों ने भाग लिया और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal