Breaking News

विधायक, महापौर ने शिक्षकों का किया सम्मान : प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी थे डॉ राधाकृष्णन : वोरा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

शिक्षक दिवस के अवसर पर आज वरिष्ठ कांग्रेस विधायक व राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने संभाग के 113 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। संभागीय शिक्षा कार्यालय में संभाग उपायुक्त व शिक्षकों की मौजूदगी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें दुर्ग संभाग के 5 जिलों के 25 विकासखंडों से प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शाला के 100 प्रधान पाठकों को शाल-श्रीफल स्मृति चिन्ह के साथ दो-दो हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। 5 जिलों के 3 व्याख्याताओं को शिक्षा श्री की उपाधि से अलंकृत कर 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। 10 प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया।

विधायक वोरा ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के प्रथम उप-राष्ट्रपति और द्वितीय राष्ट्रपति रहे। वे भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद, महान दार्शनिक और एक आस्थावान विचारक थे। उनके इन्हीं गुणों के कारण सन् 1954 में भारत सरकार ने उन्हें सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया था। ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्व इतिहास में अमर होते हैं और अपने जीवनचर्या से सदैव समाज को अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने शिक्षा की दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के लिए बाल्यकाल से ही अच्छी शिक्षा मिलना आवश्यक है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दूरदर्शिता से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय से प्रदेश के हजारों बच्चों को मुफ्त अंग्रेजी शिक्षा प्राप्त हो रही है। प्रदेश सरकार ने शिक्षा कर्मियों के संविलियन का वादा पूरा करने में देर नहीं लगाई है। 15 हजार शिक्षकों की भर्ती किए जाने से स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी।

इस दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि जीवन को दिशा देने में शिक्षकों का योगदान सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। व्यक्ति चाहे किसी भी क्षेत्र में जाए, सफलता प्राप्त करने के लिए गुरू का होना अनिवार्य है।

Check Also

राहुल का सवाल –  गैस, पेट्रोल और शक्कर की बढ़ती कीमतों पर सड़क पर आंदोलन करेंगी स्मृति ईरानी ?

THE CG NEWS दुर्ग। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!